Edited By Rohini Oberoi,Updated: 03 Apr, 2026 03:00 PM

दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया और उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एक टीम ने बृहस्पतिवार को महावीर...
नेशनल डेस्क। दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया और उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एक टीम ने बृहस्पतिवार को महावीर विहार स्थित एक गोदाम पर छापा मारा और बड़ी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें, ब्रांड नाम लिखे टेप, गोंद, हीटिंग गन और कच्चा माल जब्त किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''जब्त किए गए सामान की कीमत कई लाख रुपये है और अस्वच्छ निर्माण स्थितियों के कारण इससे स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था।''
अधिकारी ने कहा, ''अभियान के दौरान, छह मजदूरों को स्थानीय स्तर पर तैयार किया गया पेस्ट एक प्रतिष्ठित टूथपेस्ट ब्रांड की ट्यूब में भरते हुए देखा गया। मजदूरों ने पुलिस को बताया कि यह इकाई रोहिणी निवासी हरि ओम मिश्रा द्वारा चलाई जा रही थी।'' उन्होंने कहा कि 58 वर्षीय मिश्रा को बिना लाइसेंस, बिल या वैध दस्तावेजों के किराए के परिसर से इकाई संचालित करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।