Edited By Anu Malhotra,Updated: 17 Jun, 2026 08:20 AM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के खोड़ा थाना क्षेत्र में आने वाले आदर्श नगर में एकतरफा गुस्से में पागल एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस जानलेवा हमले में...
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के खोड़ा थाना क्षेत्र में आने वाले आदर्श नगर में एकतरफा गुस्से में पागल एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस जानलेवा हमले में दोनों बहनें बुरी तरह घायल हो गई हैं, जिन्हें नाजुक हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवक मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
खिड़की का शीशा तोड़कर कमरे में घुसा हमलावर
दिल दहला देने वाली यह घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। घर में 20 वर्षीय खुशी और उसकी छोटी बहन निधि (18 वर्ष) अकेली थीं। चश्मदीदों के मुताबिक, गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा का रहने वाला जॉनी नाम का आरोपी युवक हाथ में अवैध हथियार लेकर करीब आधे घंटे तक गली में घूमता रहा। खतरा भांपकर दोनों बहनों ने खुद को ऊपर की मंजिल के एक कमरे में बंद कर लिया था। लेकिन सिर पर खून सवार जॉनी ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा और फिर दरवाजे के आगे रखे फ्रिज को हटाकर जबरन कमरे में दाखिल हो गया। इससे पहले कि लड़कियां कुछ समझ पातीं, उसने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
रिश्ता टूटना बनी हमले की वजह
इस खूनी खेल में खुशी को दो गोलियां लगी हैं, जबकि उसकी छोटी बहन निधि के चेहरे पर एक गोली लगी है। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। पड़ोसियों की मदद से लहूलुहान हालत में दोनों को तुरंत दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण एक बहन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक साल पहले खुशी और जॉनी का रिश्ता तय हुआ था। लेकिन जॉनी की गलत आदतों और संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने पर खुशी के घरवालों ने चार महीने पहले यह शादी तोड़ दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए जॉनी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह आपसी रंजिश और एकतरफा गुस्से से जुड़ा लग रहा है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।