Edited By Pardeep,Updated: 29 May, 2026 03:37 AM

नवाबों के शहर लखनऊ के बाजारखाला इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी के साथ सात जन्मों तक साथ निभाने के वादे को बेरहमी से तोड़ दिया।
नेशनल डेस्क: नवाबों के शहर लखनऊ के बाजारखाला इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी के साथ सात जन्मों तक साथ निभाने के वादे को बेरहमी से तोड़ दिया। महज मामूली घरेलू विवाद के चलते मोहम्मद शाहिद नाम के शख्स ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी चांदनी की धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क पर तड़पती मिली थी चांदनी
वारदात का खुलासा बुधवार को तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि ईदगाह गेट नंबर-12 के सामने एक महिला लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ी है। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल चांदनी को एंबुलेंस के जरिए केजीएमयू (KGMU) ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी और परिजनों ने खोली पोल
पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतका के परिजनों से पूछताछ की, तो शक की सुई पति मोहम्मद शाहिद की ओर घूमी। जांच में सामने आया कि चांदनी और शाहिद की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले काफी समय से उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। बुधवार को भी विवाद इतना बढ़ा कि शाहिद ने अपना आपा खो दिया और धारदार चाकू से चांदनी का गला रेत दिया।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
हत्याकांड के बाद फरार चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी बाजारखाला थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ऐशबाग इलाके के पास से शाहिद को धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।