Edited By Sahil Kumar,Updated: 14 Oct, 2026 02:03 PM

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जयपुरः एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु, नागौर, फलौदी व आसपास के जिलों में 14-15 अक्टूबर को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग के अनुसार, साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर तथा भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होगी। इस दौरान 15 अक्टूबर को जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से तथा पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।