Edited By Rohini Oberoi,Updated: 24 Jun, 2026 01:29 PM

अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में आज सुबह लगातार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से निचले इलाकों में जलभराव हो गया और 18 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो गया जिससे कई लोग फंस गए...
Arunachal Flood : अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में आज सुबह लगातार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से निचले इलाकों में जलभराव हो गया और 18 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो गया जिससे कई लोग फंस गए हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलु ने बताया कि याजाली सर्कल के अंतर्गत पूसा के निकट नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (नीपको) परियोजना कॉलोनी में आई अचानक बाढ़ के बाद तीन लोगों के लापता होने की सूचना है। उन्होंने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार ढह गई जिससे कॉलोनी और आसपास के निचले आवासीय क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में पानी भर गया।
अधिकारी ने प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी), पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और सर्कल अधिकारी को नुकसान का आकलन करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय के लिए तत्काल प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Special trains for devotees: खाटूश्याम जी जाने वाले भक्तों के लिए खुशखबरी, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
उन्होंने कहा, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम को तैनात कर दिया गया है जबकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सतर्क कर दिया गया है और उसकी टीम राहत एवं बचाव कार्यों में सहायता के लिए प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना हो चुकी है।
सुलु ने बताया कि नीपको ने एहतियात के तौर पर रंगानाडी बांध से पानी छोड़ना शुरू कर दिया है जबकि परियोजना में बिजली उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण जिले में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। पोतिन और होज के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग के तीन हिस्से भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गए हैं जिससे कई लोग रास्ते में फंस गए हैं।