Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Oct, 2026 08:13 PM

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार को तेज रफ्तार स्कूल वैन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का हाल ही में अग्निवीर भर्ती के लिए चयन हुआ था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार को तेज रफ्तार स्कूल वैन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का हाल ही में अग्निवीर भर्ती के लिए चयन हुआ था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा अपराह्न करीब ढाई बजे बिसौली कोतवाली क्षेत्र में हुआ। चारों दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिसौली शहर की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान निखिल उर्फ नितिन (19), रोहन (20) और ऋषभ (18) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे। घायल शिवा (18) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त दवा लेने बिसौली जा रहे थे। दवा शिवा के लिए थी, जिसका हाल ही में अग्निवीर भर्ती योजना के तहत चयन हुआ था।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल को देवरहा बाबा मेमोरियल की स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कठेरिया ने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और वैन चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।