Edited By Rahul Rana,Updated: 12 Aug, 2026 07:57 PM

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से 12 अगस्त, 2026 को एक बड़ा ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि वे जंतर मंतर सीजन 2 जल्द शुरू करने जा रहे हैं।
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से 12 अगस्त, 2026 को एक बड़ा ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि वे जंतर मंतर सीजन 2 जल्द शुरू करने जा रहे हैं. दरअसल इंस्टाग्राम के कमेंट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा सारे लोग ये कमेंट कर रहे थे कि जंतर मंतर का सीजन-2 कब शुरू होगा, तो मैं उन्हें बता रहा हूं कि बहुत ही जल्द शुरू होने जा रहा है।
भाजपा पर लगाया आरोप
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली में बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी अगली रणनीति की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने दिल्ली में अपने वॉलंटियर्स के साथ होने वाली बैठक को लेकर बीजेपी पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
दिपके ने कहा, ‘आज बुधवार को दिल्ली में हमारी वॉलंटियर्स की बैठक होनी थी। यह हमारी एक इंडोर मीटिंग होने वाली थी। इसके लिए हम एक हॉल ढूंढ रहे थे। कई जगहों पर गए, लेकिन कोई भी हमें किराये पर हॉल नहीं दे रहा था. सब कहते रहे कि ऊपर से प्रेशर है, हम कॉकरोच जनता पार्टी वालों को हॉल नहीं दे सकते हैं।’
डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोप
सीजेपी के फाउंडर का कहना है, ‘हम 10 से ज्यादा जगहों पर हॉल ढूंढते हुए गए, लेकिन सभी जगह से हमें एक ही बात सुनने के लिए मिली कि हम कॉकरोच जनता पार्टी वालों को किराये पर हॉल नहीं दे सकते हैं। क्योंकि अगर सीजेपी वालों को हॉल दे देंगे, तो हमारे लिए दिक्कत हो जाएगी। हमें ऊपर से धमकियां मिल रही हैं।’