Edited By Rohini Oberoi,Updated: 06 Jul, 2026 03:48 PM

साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद खतरनाक तरीका ढूंढ निकाला है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 52 वर्षीय व्यक्ति इसका शिकार बन गया और उसने अपनी गाढ़ी कमाई के 5 लाख से अधिक रुपये गंवा दिए। जालसाजों ने खुद को महानगर गैस पाइपलाइन का कर्मचारी...
Thane Cyber Fraud Case : साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद खतरनाक तरीका ढूंढ निकाला है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 52 वर्षीय व्यक्ति इसका शिकार बन गया और उसने अपनी गाढ़ी कमाई के 5 लाख से अधिक रुपये गंवा दिए। जालसाजों ने खुद को महानगर गैस पाइपलाइन का कर्मचारी बताकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित को 19 से 21 जून के बीच अनजान लोगों के फोन आए जिन्होंने खुद को महानगर गैस पाइपलाइन कार्यालय का कर्मचारी बताया और बकाया बिल के बारे में बात की। कालवा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धोखाधड़ी करने वालों ने उसे व्हाट्सऐप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा और अपनी जानकारी भरने को कहा।
लिंक पर क्लिक करते ही धोखाधड़ी करने वालों को उसके फोन का 'रिमोट एक्सेस' मिल गया और उन्होंने उसकी 'कॉल फॉरवर्ड' कर दीं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने गैर-कानूनी तरीके से उसकी 'बैंक कस्टमर आईडी' और 'क्रेडिट कार्ड' की जानकारी हासिल कर ली और कई लेनदेन के जरिये कुल 5,06,256.17 रुपये खाते से निकाल लिये। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिये पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने शनिवार को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।