Edited By Radhika,Updated: 27 May, 2026 05:26 PM

देशभर में इस समय नौतपा चल रहा है। ऐसे में उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्य इस समय भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू (हीटवेव) की चपेट में हैं। बीते दिन यानि मंगलवार को सूरज का रौद्र रुप देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 47.4 डिग्री...
नेशनल डेस्क: देशभर में इस समय नौतपा चल रहा है। ऐसे में उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्य इस समय भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू (हीटवेव) की चपेट में हैं। बीते दिन यानि मंगलवार को सूरज का रौद्र रुप देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 47.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मंगलवार को पूरे देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। IMD ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी करते हुए कहा कि आने वाले तीन दिनों तक इस भयानक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में 'गंभीर हीटवेव' का प्रकोप जारी
IMD के नियमों के अनुसार जब किसी इलाके में तापमान 45 डिग्री को पार कर जाता है तो उसे हीटवेव का नाम दिया जाता है। वहीं अगर तापमान जब 47 डिग्री से अधिक तापमान 'गंभीर हीटवेव' की श्रेणी में आता है। बांदा के अलावा यूपी के उरई में 45.8 डिग्री, झांसी में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रात के समय भी गर्म हवाएं (गर्म रातें) चलने का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में भी लू का कहर जारी
देश की राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी से झुलस रही है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। दिल्ली के आयानगर, रिज और लोधी रोड जैसे इलाके भी हीटवेव के आधिकारिक स्तर के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। हरियाणा में भी गर्मी का कहर जारी है। यहां पर सिरसा में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंच सकता है। पंजाब के बठिंडा में भी रिकॉर्ड 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि पटियाला, लुधियाना और अमृतसर में भी लोग तेज गर्मी से परेशान रहे।
जानिए कब बदलेगा मौसम का मिजाज?
देश में इस समय पड़ रही गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। IMD का कहना है कि सप्ताहांत तक मौसम बदल सकता है। देश में 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में धूल भरी आंधी चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। IMD का अनुमान है कि 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली लू से कुछ हद तक निजात मिलेगी।