Edited By Radhika,Updated: 18 May, 2026 02:24 PM

देश में इस समय भयानक गर्मी पड़ रही है। IMD के अनुसार इस साल गर्मी अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। उत्तर भारत में आज से लू (Heat Wave) का एक नया और तीव्र दौर शुरू होने जा रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का...
नेशनल डेस्क: देश में इस समय भयानक गर्मी पड़ रही है। IMD के अनुसार इस साल गर्मी अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। उत्तर भारत में आज से लू (Heat Wave) का एक नया और तीव्र दौर शुरू होने जा रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में यह 45 डिग्री के आंकड़े को भी पार कर सकता है। रात में न्यूनतम तापमान भी 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने उम्मीद है।
इन राज्यों के लिए 'गंभीर लू' का अलर्ट हुआ जारी
IMD ने अगले 4 से 5 दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में तेज लू का अलर्ट जारी किया है। लू से प्रभावित होने वाले प्रमुख राज्य दिल्ली और हरियाणा, पंजाब और राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का कुछ हिस्सा शामिल है।
इस बार की भीषण गर्मी के पीछे के मुख्य कारण
वैज्ञानिकों और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार तापमान बढ़ने और लू के लंबे समय तक खिंचने के पीछे निम्नलिखित कारण हैं:
1. एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन: ऊपरी वायुमंडल में उच्च दबाव का क्षेत्र (Anti-Cyclonic Flow) बनने के कारण गर्म और सूखी हवाएं लगातार चल रही हैं।
2. साफ आसमान और कम नमी: आसमान में बादलों की अनुपस्थिति और हवा में नमी (Humidity) बेहद कम होने से सूरज की किरणें सीधे धरती को तपा रही हैं।
3. अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट: शहरी इलाकों में कंक्रीट की इमारतें और पक्की सड़कें दिनभर गर्मी सोखती हैं और रात में उसे वातावरण में छोड़ती हैं, जिससे रातें भी गर्म हो रही हैं।
4. जलवायु परिवर्तन: ग्लोबल वार्मिंग के चलते हर साल मई के महीने में हीट वेव के दिनों की संख्या और उनकी तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में एक तरफ जहां भयानक गर्मी पड़ रही है तो वहीं दक्षिण भारत में इस समय IMD ने तेज आंधी, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस आंधी- तूफान और बारिश से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्य प्रभावित होंगे।