Edited By Radhika,Updated: 05 May, 2026 01:37 PM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की करारी शिकस्त के बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी के उन नेताओं को आड़े हाथों लिया है जो इस हार पर खुशी जता रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताते हुए...
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की करारी शिकस्त के बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी के उन नेताओं को आड़े हाथों लिया है जो इस हार पर खुशी जता रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
<
>
छोटी राजनीति से ऊपर उठें
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि टीएमसी की हार पर "बगलें बजाने" (खुश होने) की जरूरत नहीं है। उन्होंने लिखा "कांग्रेस में कुछ लोग और अन्य दल टीएमसी की हार पर जश्न मना रहे हैं। उन्हें यह साफ समझने की जरूरत है - असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के भाजपा के मिशन में एक बड़ा कदम है।" राहुल गांधी ने आगे अपील करते हुए कहा कि यह समय छोटी राजनीति करने का नहीं है, बल्कि देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का है।

ममता बनर्जी के 'वोट चोरी' के आरोपों का किया समर्थन
राहुल गांधी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सुर में सुर मिलाते हुए निर्वाचन आयोग (EC) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग की मदद से जनादेश चुराया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि बंगाल में भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटों की लूट की है। उन्होंने असम के चुनाव परिणामों पर भी सवाल उठाते हुए इसे 'लोकतंत्र विरोधी' कदम बताया।
ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को बताया अनैतिक
इससे पहले ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को 'अनैतिक' और 'अवैध' करार दिया था। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि "बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटें लूटी हैं। चुनाव आयोग अब 'बीजेपी का आयोग' बन गया है। हमने शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह कोई नैतिक जीत नहीं है। पीएम, गृह मंत्री और केंद्रीय बलों ने मिलकर जो किया, वह पूरी तरह अवैध है। हम फिर वापसी करेंगे।"