Edited By Radhika,Updated: 04 Jul, 2026 05:31 PM

कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर शनिवार को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और कहा कि देश की जांच एजेंसियां भी इस मामले में खामोश हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में...
नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर शनिवार को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और कहा कि देश की जांच एजेंसियां भी इस मामले में खामोश हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की परतें लगातार खुल रही हैं, लेकिन भाजपा और आरएसएस से जुड़े ''बड़े चोरों'' को बचाने का काम पुरजोर तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा चोरी हुआ है, लेकिन देश की जांच एजेंसियां इस मामले में खामोश हैं।
<
>
कांग्रेस नेता ने इस मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण में जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि जिन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें मंदिर ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एक एजेंसी के माध्यम से काम पर लगाया गया था। मिश्रा ने दावा किया कि इन कर्मचारियों की न तो समुचित जांच की गई और न ही उनकी पृष्ठभूमि का सत्यापन किया गया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों की जांच की जा रही है, जबकि ''ऊपर बैठे बड़े लोगों'' को बचाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में कुछ ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ अब तक प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की गई है। मिश्रा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस इस मामले से खुद को अलग नहीं कर सकते और इस प्रकरण से देश के रामभक्त आहत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की "चुप्पी" पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए तथा पूरे प्रकरण में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।