Edited By Pardeep,Updated: 14 Dec, 2023 05:26 AM

विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के घटक दल संसद की सुरक्षा में सेंध के विषय पर अपने अगले कदम पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह बैठक करेंगे। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बारे में...
नेशनल डेस्कः विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के घटक दल संसद की सुरक्षा में सेंध के विषय पर अपने अगले कदम पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह बैठक करेंगे। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बारे में भी विचार कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक करेंगे।

उधर, इलाहाबाद उच्च न्यायालय मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर से सटी शाही ईदगाह मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण कराने के लिए अदालत की निगरानी में अधिवक्ता आयुक्त नियुक्त करने के अनुरोध वाली याचिका पर बृहस्पतिवार को निर्णय सुनाएगा। यह याचिका मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद के संबंध में इस उच्च न्यायालय में लंबित मुकदमे में दायर की गई थी।
Chhattisgarh: सीएम विष्णु देव साय के मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल की पहली बैठक बृहस्पतिवार को होगी। साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तथा पार्टी के दो विधायक अरुण साव और विजय शर्मा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
सिक्किम में खराब मौसम और भारी बर्फबारी में फंसे पर्यटकों के लिए देवदूत बनी सेना
भारतीय सेना के जवानों ने बुधवार को पूर्वी सिक्किम में ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे हुए 800 से अधिक पर्यटकों को बचा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, बर्फबारी और खराब मौसम के कारण ये पर्यटक पूर्वी सिक्किम के विभिन्न इलाकों में फंस गए थे, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर द्वारा चलाया गया बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा और फंसे हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित क्षेत्रों में ले जाया गया।
Parliament Security Breach: 6 लोगों ने गुरुग्राम में रची थी साजिश... 2 आरोपी अब भी फरार
दिल्ली पुलिस को शक है कि बुधवार को संसद की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में पकड़े गए चार लोगों के साथ दो और लोग शामिल थे। सूत्रों ने दावा किया कि सभी छह लोग एक-दूसरे को जानते हैं और गुरुग्राम में एक घर में रह रहे थे। आरोपी अमोल शिंदे और नीलम को संसद भवन के बाहर से पकड़ा गया, जबकि सागर शर्मा और मनोरंजन डी को लोकसभा के अंदर से पकड़ा गया। वे पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस उनके दो संदिग्ध साथियों की तलाश में है जिनकी पहचान ललित और विक्रम के तौर पर हुई है।
लोकसभा में सुरक्षा चूक के बाद सख्त हुए लोकसभा स्पीकर, संसद भवन परिसर में दर्शकों को प्रवेश बंद
संसद भवन परिसर में सुरक्षा को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एक्शन में आ गए हैं। लोकसभा में बुधवार को दो व्यक्तियों के दर्शक दीर्घा से नीचे कूदने के बाद संसद भवन परिसर में दर्शकों का प्रवेश निलंबित कर दिया गया है।
सरकार आज जारी कर सकती है लॉजिस्टिक लागत के अनुमान का तौर-तरीका
सरकार देश में लॉजिस्टिक लागत के आकलन के तौर-तरीकों का ब्योरा बृहस्पतिवार को जारी कर सकती है। इससे लॉजिस्टिक लागत का सही आकलन हो सकेगा। सरकार लॉजिस्टिक लागत को लेकर फिलहाल कुछ अनुमान को मानकर चल रही है। इसके मुताबिक देश में लॉजिस्टिक लागत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 13-14 प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री: मानहानि मामले में केजरीवाल, संजय सिंह की स्थगन अर्जियां खारिज
अहमदाबाद की एक अदालत ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की उन अर्जियों को खारिज कर दिया, जिनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शैक्षणिक डिग्री के संबंध में टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ दायर मानहानि मामले में कार्यवाही में स्थगन का अनुरोध किया गया। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एस जे पांचाल ने आम आदमी पार्टी (आप) के इन नेताओं की तरफ से उनके वकीलों द्वारा दायर स्थगन अर्जियों को खारिज कर दिया।
हिमाचल प्रदेश में चार दिवसीय ‘बाल विज्ञान कांग्रेस' आज से
बाल विज्ञान कांग्रेस का 31वां संस्करण 14 से 17 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित ‘राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान' (एनआईटी) में आयोजित किया जाएगा। 'हिमाचल प्रदेश विज्ञान प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद' के प्रवक्ता ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से छात्रों और शिक्षकों सहित लगभग 800 प्रतिभागी चार दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
श्रृंखला में बराबरी के लिए भारतीय गेंदबाजों को करना होगा बेहतर प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बृहस्पतिवार को तीसरा टी20 मैच जीतकर श्रृंखला में बराबरी के लिये भारतीय गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा क्योंकि चयनकर्ताओं की नजरें अगले साल इस प्रारूप के विश्व कप के लिये सही संयोजन तलाशने पर भी लगी है। दूसरे टी20 मैच में भारतीय गेंदबाज लय के लिये जूझते नजर आए।