Edited By Parveen Kumar,Updated: 18 Apr, 2026 08:12 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कांग्रेस-नेतृत्व वाले INDI गठबंधन और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संसद में 16 और 17 अप्रैल को जो हुआ, वह देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के साथ खुला विश्वासघात है। चुग ने कहा कि यह...
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कांग्रेस-नेतृत्व वाले INDI गठबंधन और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संसद में 16 और 17 अप्रैल को जो हुआ, वह देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के साथ खुला विश्वासघात है। चुग ने कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं था, बल्कि महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित करने की साजिश थी।
चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाई गई नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कदम है, लेकिन जब इस अधिकार को लागू करने का अवसर आया, तब कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने बहाने बनाकर इसे रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने फिर साबित कर दिया कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ खड़ा है।
चुग ने विशेष रूप से पंजाब के 13 सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन सांसदों ने अपने ही प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाएं अब यह सवाल पूछ रही हैं कि जब उन्हें संसद में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का मौका था, तब उनके सांसद उनके साथ क्यों नहीं खड़े हुए।
चुग ने कहा कि विपक्ष द्वारा परिसीमन को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसके बिना महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू करना संभव नहीं है। विपक्ष जानबूझकर तकनीकी बहाने बनाकर महिलाओं के अधिकारों को टाल रहा है।
चुग ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जिनकी 98 वर्षों की राजनीति महिलाओं को केवल वादों तक सीमित रखती रही, वे आज भी महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का रहा है- चाहे वह शौचालय, बैंक खाते, या स्वास्थ्य सुविधाएं हों।
चुग ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर और उन्हें हर माह Rs. 1000 देने के वादे से वंचित रखकर आप पार्टी आधी आबादी के साथ धोखा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जब देश की सबसे बड़ी पंचायत में महिलाओं के अधिकार की बात आती है, तो यही पार्टी पीठ दिखाकर भाग खड़ी होती है।
चुग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए यह सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि समानता का संघर्ष है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और आने वाले चुनावों में इस विश्वासघात का जवाब देंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो दल महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में बाधा बनेंगे, उन्हें लोकतंत्र में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।