Edited By Tanuja,Updated: 19 Apr, 2026 12:06 PM

उत्तर कोरिया ने एक बार फिर समुद्र की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर क्षेत्रीय तनाव बढ़ा दिया है। दक्षिण कोरिया और जापान ने इसे अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा बताया। किम जोंग उन परमाणु ताकत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं, जिससे वैश्विक चिंता और गहरी हो गई है।
International Desk:उत्तर कोरिया ने एक बार फिर सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यह प्रक्षेपण देश के पूर्वी तट के सिनपो क्षेत्र से किया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इस परीक्षण की पुष्टि दक्षिण कोरिया और जापान दोनों ने की है। उत्तर कोरिया ने इस साल एक और हथियार परीक्षण करते हुए रविवार को समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।दक्षिण कोरिया के 'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' (JCS) ने बताया कि ये प्रक्षेपण सुबह उत्तर कोरिया के पूर्वी सिनपो क्षेत्र से किए गए।
JCS ने बताया कि दक्षिण कोरिया ने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत की है और वह अमेरिका तथा जापान के साथ सूचनाओं का निकटता से आदान-प्रदान कर रहा है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) ने इन प्रक्षेपणों पर चर्चा के लिए आपात बैठक बुलाने की योजना बनाई है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी इन प्रक्षेपणों का पता लगने की पुष्टि की। मंत्रालय ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि ये हथियार उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास समुद्री क्षेत्र में गिरे। उसने कहा कि जापान ने उत्तर कोरिया के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंत्रालय ने कहा कि ये प्रक्षेपण क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शांति के लिए खतरा हैं तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के उन प्रस्तावों का उल्लंघन करते हैं जिनके तहत उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक है।
उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसके नेता किम जोंग उन ने देश के विध्वंसक युद्धपोत से मिसाइल परीक्षणों की निगरानी की। इस परीक्षण के बाद किम ने कहा था कि उनकी सरकार का ध्यान अपने परमाणु बलों के ''असीमित विस्तार'' पर केंद्रित है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि उनकी एजेंसी ने उत्तर कोरिया के परमाणु केंद्रों में गतिविधियों में ''तेज बढ़ोतरी'' की पुष्टि की है।