NDA परिसर में गोली लगने से जवान की मौत, 5 दिन अस्पताल में इलाज के बाद तोड़ा दम

Edited By Updated: 17 Sep, 2026 04:59 PM

security personnel deployed at nda dies of gunshot wound

पुलिस ने कहा कि गोली लगने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और अभी यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि गोली दुर्घटनावश चली या यह खुद को गोली मारने का मामला था।

पुणे: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में तैनात 46 वर्षीय एक सुरक्षा कर्मी की गोली लगने से घायल होने के पांच दिन बाद यहां एक सैन्य अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 11 सितंबर को शहर के खड़कवासला इलाके में स्थित एनडीए परिसर में हुई, जब सुरक्षा कर्मी गार्ड रूम में था। 

अधिकारी ने कहा, ''जवान को गोली लगी थी और उसे तत्काल वानवड़ी स्थित कमांड अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार चल रहा था।'' उन्होंने बताया कि एनडीए में डिफेंस सिक्योरिटी कोर (DSC) से संबद्ध कर्मी की पहचान आर. के. सिंह के रूप में हुई है। बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात एक अन्य संतरी ने टावर से गोली चलने की आवाज सुनी। वह  नीचे आया तो उसे घायल कर्मी मिला। संतरी ने इसके बाद नियंत्रण कक्ष को सूचना दी, जिसके बाद घायल को कमांड अस्पताल ले जाया गया। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''गोली गर्दन के आर-पार निकल गई।'' उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम ससून अस्पताल में किया गया और बाद में उसे मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया। 

यह भी पढ़ें- 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर, जमानत देने और परेशान न करने के एवज में मांगी गई थी रकम

इस घटना के संबंध में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि गोली लगने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और अभी यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि गोली दुर्घटनावश चली या यह खुद को गोली मारने का मामला था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''इस चरण में यह तय नहीं किया जा सकता कि यह दुर्घटनावश गोली चलने का मामला था या आत्महत्या। जांच जारी है।'' इससे पहले एक सितंबर को अधिकारियों ने बताया था कि इस प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण अकादमी में तैनात एक सैन्यकर्मी का शव शहर में खड़की और शिवाजीनगर के बीच रेलवे पटरी पर मिला था। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!