Edited By Tanuja,Updated: 10 Sep, 2026 07:29 PM

बांग्लादेश में जेल में बंद चिन्मय कृष्ण दास की मां संध्या रानी धर का गुरुवार को निधन हो गया। गंभीर बीमारी के दौरान उनसे मिलने के लिए चिन्मय को पैरोल नहीं मिली थी। अब मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उन्हें पांच घंटे की पैरोल दी गई है।
Dhaka: बांग्लादेश में जेल में बंद हिंदू अधिकार कार्यकर्ता चिन्मय कृष्ण दास को अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को पांच घंटे की पैरोल दी गई। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। हिंदू संत दास को नवंबर 2024 में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन देखने को मिले और सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था।
'द डेली स्टार' अखबार की खबर के अनुसार, चटगांव के जिला उपायुक्त मोहम्मद जाहिदुल इस्लाम ने दास के परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के बाद बृहस्पतिवार दोपहर हिंदू संत को पैरोल पर रिहा करने का आदेश दिया। दास की 70 वर्षीय मां संध्या रानी धर का हथजारी स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा था और बृहस्पतिवार सुबह उनका निधन हो गया। अखबार ने जाहिदुल इस्लाम के हवाले से कहा, ''मां के निधन के बाद दास के भाई की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर हमने कानून के अनुसार चिन्मय कृष्ण को पांच घंटे के लिए पैरोल पर जेल से रिहा करने का आदेश दिया है।''