Edited By Ramkesh,Updated: 04 Apr, 2026 03:55 PM

तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने शनिवार को जनता से 'दिल्ली की टीम' को हराने की अपील करते हुए दावा किया कि वे राज्य की जरूरतों और विकास में बाधा उत्पन्न करती है। उन्होंने जिले के सिंगमपुनारी में राज्य के सहकारिता मंत्री और द्रमुक...
नेशनल डेस्क: तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने शनिवार को जनता से 'दिल्ली की टीम' को हराने की अपील करते हुए दावा किया कि वे राज्य की जरूरतों और विकास में बाधा उत्पन्न करती है। उन्होंने जिले के सिंगमपुनारी में राज्य के सहकारिता मंत्री और द्रमुक उम्मीदवार के. आर. पेरियाकरुप्पन के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 23 अप्रैल को होने वाला विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इसे द्रमुक द्वारा किए गए विकास कार्यों और तमिलनाडु के हितों के खिलाफ काम करने वाली 'दिल्ली की टीम' के बीच मुकाबला बताया। उदयनिधि ने कहा, ''हमें दिल्ली की टीम व संघी समूह को हराना होगा और यह साबित करना होगा कि तमिलनाडु में उनके लिए कोई जगह नहीं है। साथ ही अधिक विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए 'द्रविड़ मॉडल 2.0' शासन सुनिश्चित करना होगा।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, परिवार की महिला मुखियाओं के लिए मासिक अनुदान और महाविद्यालयों के छात्रों को मुफ्त लैपटॉप जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उदयनिधि ने मतदाताओं से कहा, ''जिस तरह आपने पेरियाकरुप्पन को लगातार चार बार जिताया है, उसी तरह इस बार भी उनकी शानदार जीत सुनिश्चित करें।'' शिवगंगा जिले के द्रमुक सचिव पेरियाकरुप्पन तिरुपत्तूर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं।