Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Aug, 2026 02:28 PM

दिल्ली से सटे नोएडा से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। पहले मामले में सेक्टर-82 की एक महिला को शादी के एक साल बाद पति के गे होने की जानकारी मिली जिसके बाद आरोपी पति ने उसकी हत्या की कोशिश की।
नोएडा : दिल्ली से सटे नोएडा से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। पहले मामले में सेक्टर-82 की एक महिला को शादी के एक साल बाद पति के गे होने की जानकारी मिली जिसके बाद आरोपी पति ने उसकी हत्या की कोशिश की। वहीं, दूसरे मामले में सदरपुर की एक महिला ने आरोप लगाया है कि घरेलू विवाद के दौरान उसके पति और सास-ननद ने मिलकर उस पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया जिसने उसे बुरी तरह काट लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में नोएडा सेक्टर-82 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शादी 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उससे शारीरिक दूरी बनाए रखता था। इस बीच ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज में कार और फ्लैट की मांग शुरू कर दी और प्रताड़ित करने लगे।
यह भी पढ़ें: नया मंडप, पति वही... शादी हो गई पर फिर भी दुल्हन बनने चलीं, पैसों के चक्कर में शादीशुदा महिलाओं ने भरा फॉर्म
पीड़िता के अनुसार वह पति को अपने खर्च पर थाईलैंड हनीमून पर ले गई लेकिन वहां भी उसके साथ मारपीट की गई जिससे उन्हें बीच में ही वापस लौटना पड़ा। शादी के करीब एक साल बाद जब महिला पति को डॉक्टर के पास लेकर गई तो जांच में सामने आया कि पति गे है। यह रिपोर्ट देखते ही आरोपी डॉक्टर से झगड़ा करके वहां से भाग गया। आरोप है कि सच्चाई सामने आने पर आरोपी पति ने पत्नी का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। वहीं महिला ने पति, सास-ससुर और रिश्ता कराने वाले ननद-ननदोई के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।
दूसरे मामले में नोएडा के सदरपुर इलाके से घरेलू हिंसा का दूसरा खौफनाक मामला सामने आया है। पीड़िता गुंजन शर्मा की शादी 17 नवंबर 2024 को राहुल शर्मा से हुई थी। आरोप है कि 8 अगस्त को घरेलू विवाद के दौरान सास अनीता शर्मा और ननद मोनिका शर्मा के साथ बहस हुई जिसके बाद फोन करके पति राहुल को बुलाया गया।
यह भी पढ़ें: Ebola virus Alert: इस देश में इबोला वायरस ने मचाया तांडव, मरने वालों की संख्या 2,000 के पार
पति के आने के बाद तीनों ने मिलकर महिला की पिटाई की और उस पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते के काटने से महिला को गंभीर चोटें आई हैं। जिसके बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। वहीं पुलिस के पहुंचने पर महिला की चाची ने दरवाजा खोला और उसे बाहर निकाला। सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है।