Edited By Pardeep,Updated: 04 Aug, 2026 11:46 PM

यमन के समुद्री इलाके में मंगलवार को एक भारतीय मालवाहक जहाज 'एमएसवी फैज नूर ओलिया' (MSV Faiz Noor Olia) पर जबरदस्त प्रोजेक्टाइल हमला हुआ।
नई दिल्ली/यमन: यमन के समुद्री इलाके में मंगलवार को एक भारतीय मालवाहक जहाज 'एमएसवी फैज नूर ओलिया' (MSV Faiz Noor Olia) पर जबरदस्त प्रोजेक्टाइल हमला हुआ। इस हमले के कारण बिना सुरक्षा वाला यह मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल अनियंत्रित होकर समुद्र में पलट गया और डूब गया। राहत की बात यह है कि यमन के कोस्ट गार्ड ने समय रहते कार्रवाई करते हुए जहाज पर सवार सभी 14 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया है, जिनमें 13 भारतीय शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने की हमले की कड़ी निंदा
भारत के केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, भारतीय MSV फैज़े नूर ओलिया को यमनी पानी के पास एक प्रोजेक्टाइल से टक्कर लगी, जिससे जहाज पलट गया और डूब गया।
भारत इस बिना उकसावे वाले मैकेनाइज्ड सेलिंग जहाज पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करता है। हमारे लोगों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और मुझे यह बताते हुए राहत मिल रही है कि सभी 14 नाविकों (जिनमें 13 भारतीय शामिल हैं) को यमनी कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया है और मोखा पोर्ट पर ले आया है।
मैंने डायरेक्टर जनरल मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन (DGMA) को निर्देश दिया है कि वे इस इलाके में भारतीय नाविकों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों के साथ मिलकर तुरंत कदम उठाएं और बचाए गए क्रू को सभी ज़रूरी मदद दें।