Edited By Pardeep,Updated: 12 Jul, 2026 02:04 AM

मथुरा के वृंदावन में स्थित प्रसिद्ध ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर की लोहे की रेलिंग में अचानक बिजली का करंट उतर आया।
नेशनल डेस्कः मथुरा के वृंदावन में स्थित प्रसिद्ध ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर की लोहे की रेलिंग में अचानक बिजली का करंट उतर आया।
इस हादसे की चपेट में आने से बांके बिहारी मंदिर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी हरीश शर्मा समेत तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
गंभीर रूप से घायल सिपाही हरीश शर्मा को तत्काल रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने त्वरित उपचार शुरू किया। सीओ सदर ने बताया कि सिपाही रेलिंग छूते ही करंट की चपेट में आए थे, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
वहीं, अन्य दो घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर में करंट आने की यह पहली घटना नहीं है और बार-बार शिकायतों के बावजूद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।