Edited By Mansa Devi,Updated: 06 Sep, 2025 05:39 PM

समस्तीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दुबई में मजदूरी करने वाले एक पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद उसने बड़े शातिर तरीके से सारा इल्जाम अपने चचेरे भाई पर डाल दिया था।...
नेशनल डेस्क: समस्तीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दुबई में मजदूरी करने वाले एक पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद उसने बड़े शातिर तरीके से सारा इल्जाम अपने चचेरे भाई पर डाल दिया था। पुलिस ने 13वीं के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया, जहां उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
दुबई से लौटा पति, शक ने बना दिया हत्यारा
पुलिस के अनुसार, यह मामला समस्तीपुर के ताजपुर इलाके का है। आरोपी उदय अपनी पत्नी रीना, दो बच्चों के साथ रहता था। बेहतर जिंदगी की तलाश में वह दुबई चला गया, लेकिन करीब आठ महीने पहले उसके चचेरे भाई विनोद ने फोन पर उसे बताया कि रीना का उसके चाचा से अवैध संबंध है। यह सुनकर उदय तुरंत दुबई से लौट आया।
गांव में रहते हुए भी उसका शक रीना पर गहराता गया। वह लगातार रीना से इस बारे में पूछता, लेकिन रीना हर बार इनकार कर देती थी।
शराब के नशे में किया खौफनाक कत्ल
21 अगस्त की रात, उदय शराब के नशे में घर लौटा। उसने रीना को सोने के बहाने छत पर बुलाया। वहां उसने फिर से वही सवाल किया, जिसका रीना ने इनकार में जवाब दिया। इसके बाद उदय ने रीना के साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब रीना सो गई, तो उदय ने तकिए के नीचे छिपाया हुआ चाकू निकाला और उसका गला काट दिया। रीना को तड़पता देखकर उसने उसका मुंह और हाथ-पैर दबा दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। लाश को छत पर छोड़कर उदय नीचे आकर सो गया, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
13वीं का इंतजार, फिर गिरफ्तारी
सुबह जब उदय की मां ने छत पर रीना की खून से लथपथ लाश देखी तो पूरे घर में मातम छा गया। उदय ने रोने का नाटक करते हुए सारा इल्जाम अपने चचेरे भाई विनोद पर लगा दिया और जमीन विवाद का बहाना बनाया। लेकिन पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस ने विनोद से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने ही उदय को फोन पर रीना के अवैध संबंध के बारे में बताया था। यह सुनते ही पुलिस का शक उदय पर गहरा गया। पुलिस ने तुरंत उदय को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। जब रीना की 13वीं पूरी हो गई और उदय को लगा कि वह बच गया है, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में उदय टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि शक और शराब के नशे में उसने यह कदम उठाया।