Edited By ,Updated: 14 Aug, 2016 11:37 AM

यमुना नदी दिल्ली में शनिवार रात खतरे के निशान को पार कर गई। इसके कारण यमुना पर बने लोहे के पुराने पुल को बंद कर दिया गया है।
नई दिल्ली: यमुना नदी दिल्ली में शनिवार रात खतरे के निशान को पार कर गई। इसके कारण यमुना पर बने लोहे के पुराने पुल को बंद कर दिया गया है। नदी का जलस्तर 204 मीटर से बढ़कर 204.83 मीटर पर पहुंच गया। इसके कारण पूर्वी दिल्ली को राष्ट्रीय राजधानी से जोडऩे वाले पुराने यमुना पुल को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया। पुल के बंद होने के कारण यातायात को दूसरे मार्गाें की ओर मोड़ दिया गया। उत्तर रेलवे की एक विज्ञप्ति के मुताबिक यमुना नदी के खतरे के निशान को पार करने के बाद सीबीई की सलाह पर आज शाम छह बजकर 25 मिनट के बाद पुराने यमुना पुल पर सभी प्रकार के यातायात को स्थगित कर दिया गया।
ट्रेनों के मार्ग में बदलाव या रद्द किये जाने का एक विस्तृत कार्यक्रम भी लगा दिया गया है। स्टेशन मैनेजरों को अपने स्टेशनों की निगरानी रखने और भीड़ नियंत्रण समेत अन्य जरूरी चीजों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। संबद्ध राज्य सरकार के अधिकारियों को सड़क यातायात पर उचित कार्रवाई करने को भी कहा गया है।