अपराध की दुनिया का बादशाह बनना चाहता था सुक्खा काहलवां

Edited By Updated: 22 Jan, 2015 11:09 AM

article

दुबले-पतले लेकिन शातिर क्रिमिनल सुखबीर सिंह उर्फ सुक्खा काहलवां ने अपराध की दुनिया में बेहद जल्दी नाम कमाया। पंजाब, हरियाणा, हिसार, राजस्थान में लूटपाट ...

जालंधर (प्रीत): दुबले-पतले लेकिन शातिर क्रिमिनल सुखबीर सिंह उर्फ सुक्खा काहलवां ने अपराध की दुनिया में बेहद जल्दी नाम कमाया। पंजाब, हरियाणा, हिसार, राजस्थान में लूटपाट, सुपारी किलिंग, हत्या के प्रयास, हाईवे रॉबरी, हत्या के करीब 3 दर्जन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा सुक्खा काहलवां इतना बेखौफ व निडर था कि सरेआम वारदात करता फरार हो जाता।

सुखबीर सिंह उर्फ सुक्खा काहलवां ने पहली वारदात कुछ साल पहले गांव लिद्दड़ा में ही की। रंजिशन सुक्खा ने साथियों के साथ मिलकर जिम में घुसकर युवक की सरेआम हत्या कर दी। हत्या की वारदात के पश्चात सुक्खा काहलवां ने मुड़ कर नहीं देखा। वह अपराध की दुनिया का बेताज बादशाह बनने की चाहत रखता था।

हत्या की वारदात के पश्चात सुक्खा काहलवां फरार हुआ और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के साथ जुड़ गया। अपराध की दुनिया में कदम रखते ही सुक्खा काहलवां इतना प्रभावित हुआ कि उसके मन में एक ही धुन रही कि अपराध की दुनिया में उसका नाम चमकना चाहिए। इसके पश्चात उसने एक के बाद एक वारदातें की।

सुक्खा काहलवां इतना फुर्तीला और निडर हो सकता है, कोई सोच भी नहीं सकता था। पहली वारदात के पश्चात उसने विभिन्न गैंगस्टर के साथ मिलकर एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया। सुक्खा व उसके साथियों के खिलाफ हिसार, बीकानेर, जालंधर, फतेहाबाद, पंचकूला तथा पंजाब के विभिन्न राज्यों में 3 दर्जन से अधिक आपराधिक केस दर्ज रहे। आज सुक्खा काहलवां की पेशी से लौटते समय पुलिस कस्टडी में ही हत्या कर दी गई।

इंस्पैक्टर इन्द्रजीत सिंह, एस.आई. शिव कुमार से था छत्तीस का आंकड़ा: सुक्खा काहलवां दिन-रात लगातार वारदातों में संलिप्तता के कारण पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनता जा रहा था। सुक्खा काहलवां को पकडऩे के लिए पुलिस भी लगातार जाल बिछाने लगी थी।

उसे पहले इंस्पैक्टर इन्द्रजीत सिंह व एस.आई. शिव कुमार ने पकड़ा, लेकिन वह फिर भाग गया। लगातार वारदातों और इंस्पैक्टर इन्द्रजीत सिंह की टीम के उसे पकडऩे की आंख-मिचौली के दौरान सुक्खा काहलवां का इंस्पैक्टर इन्द्रजीत, एस.आई. शिव कुमार के साथ छत्तीस का आंकड़ा हो गया था।

सुक्खा इतना डेयरिंग था कि वह वारदात करने के पश्चात खुद फोन करता और वारदात वाले इलाके में ही घूमता रहता। सुक्खा काहलवां और इंस्पैक्टर इन्द्रजीत सिंह के बीच रंजिश बेहद बढ़ गई। इसी बीच सुक्खा काहलवां ने इंस्पैक्टर इन्द्रजीत सिंह पर हमला करने तक की योजना बनाई।

पहले भी खुलासा हो चुका है कि इंस्पैक्टर इन्द्रजीत पर हमला करने के लिए वह यू.पी. से अवैध ए.के.-47 तक खरीदने चला गया था। सुक्खा और उक्त पुलिस अधिकारियों के बीच फोन पर जरूर तीखी वार्तालाप होती रही और आखिर सुक्खा को पकड़ा भी इंस्पैक्टर इन्द्रजीत व एस.आई. शिव कुमार ने।

मरा समझ कर नहर में फैंका, फिर भी बच गया था: आतंक का पर्याय सुक्खा काहलवां के आपराधिक लिंक सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि हिसार, राजस्थान, यू.पी. व अन्य राज्यों में भी थे। वह जहां से गुजरता लूट या डकैती की वारदात करता। जुलाई 2012 में हिसार में सुक्खा व उसके साथियों ने 4 किलो सोने व 2 लाख रुपए लूट की वारदात की। इसके पश्चात सितम्बर माह में जब वारदात ट्रेस हुई तो अपराधी यामिन ने खुलासा किया कि उसने सुक्खा को मारकर नहर में फैंक दिया है, लेकिन वह बच गया।

फेसबुक एडिक्ट था सुक्खा काहलवां: आम युवाओं की तरह सुक्खा काहलवां भी फेसबुक एडिक्ट था। वह जेल में हो या कहीं भी हो, अपनी फोटो अपडेट करता रहता। हरेक फोटो में उसके हाथों में अलग हथियार ही नजर आते।

अखबारों में भी खबरों का शौकीन था: अपराधियों में भी सुक्खा के नाम का खौफ था, लेकिन उसकी मनोवृत्ति इसी बात से पता चलती है कि वह खुद चाहता था कि उसकी फोटो ज्यादा से ज्यादा अखबारों में आए और उसकी पब्लीसिटी हो, लोग उससे डरें व उसके नाम का खौफ हो।

Related Story

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!