Edited By ,Updated: 03 Jul, 2015 04:27 PM

स्थानीय शहर के नजदीक गांव पन्नवों की गर्भवती किरणपाल कौर, जो कि आज से करीब 4 माह पहले अपने ससुराल ..
भवानीगढ़ (कांसल): स्थानीय शहर के नजदीक गांव पन्नवों की गर्भवती किरणपाल कौर, जो कि आज से करीब 4 माह पहले अपने ससुराल रुड़की कलां से अचानक लापता हो गई थी, का आज तक कोई भी सुराग न मिलने के कारण यह घटना एक पहेली बन कर रह गई है।
इस घटना को लेकर पुलिस की ढीली कारगुजारी से दुखी किरणपाल कौर की खोज में दर-दर की ठोकरे खा रहे उसके पिता पूर्व फ़ौजी जगरूप सिंह की मदद के लिए आगे आए कांग्रेसियों ने अनाज मंडी में पंजाब सरकार, पंजाब पुलिस और लड़की के ससुराल परिवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मीडिया से बातचीत करते हुए किरणपाल कौर के पिता जगरूप सिंह ने बताया कि उसकी लड़की का विवाह 26 जनवरी 2014 को गांव रुड़की कलां के गुरदीप दास पुत्र गुरमेल दास के साथ हुआ था और 28 फरवरी 2015 को उनकी लड़की ने फ़ोन करके बताया कि उसके पति ने कथित तौर पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की है।
जगरूप सिंह ने बताया कि उस समय उनकी लड़की 6-7 माह की गर्भवती थी, कुछ दिन बाद लड़की से फ़ोन पर बातचीत करनी चाही तो उनकी लड़की का फ़ोन उनके दामाद ने अटैंड किया लेकिन अगले दिन 3 मार्च को दामाद के फूफा ने फोन करके कहा कि किरणपाल कौर बिना बताए ही कहीं चली गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की के ससुराल वालों ने ही कथित तौर पर उनकी लड़की और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को मौत के घाट उतार कर लाश को कहीं खुर्द-बुर्द कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के अंदर -अंदर पुलिस ने उनकी लड़की का कोई सुराग न लगाया और उसके ससुराल परिवार के खिलाफ केस दर्ज न किया तो वह पुलिस हैडक्वार्ट के आगे आत्मदाह कर लेंगे।