Edited By Subhash Kapoor,Updated: 03 Apr, 2026 07:33 PM

आदमपुर एयरपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बंद होने की अफवाहों के बीच एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर पी.के. निराला ने सामने आकर इन सभी खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट पूरी तरह से...
सोशल मीडिया पर उड़ रही थी ‘बंद’ की खबर
जालंधर: आदमपुर एयरपोर्ट (श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट) को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बंद होने की अफवाहों के बीच एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर पी.के. निराला ने सामने आकर इन सभी खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट पूरी तरह से सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर यह भ्रामक खबर फैलाई जा रही है कि एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें तय समय के अनुसार चल रही हैं और यात्रियों की आवाजाही भी नियमित रूप से जारी है।
डायरेक्टर निराला ने जानकारी देते हुए कहा कि आज ही 419 यात्रियों ने आदमपुर एयरपोर्ट से यात्रा की है, जो यह दर्शाता है कि एयरपोर्ट पूरी तरह सक्रिय और कार्यरत है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अफवाहें यात्रियों में भ्रम और अनावश्यक चिंता पैदा करती हैं, जिससे यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव आकर भी लोगों को सच्चाई से अवगत कराया और साफ तौर पर कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट बंद नहीं हुआ है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी निर्धारित फ्लाइट्स समय पर पकड़ें।
एयरपोर्ट प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और बिना पुष्टि के किसी भी खबर को आगे न बढ़ाएं। फिलहाल आदमपुर एयरपोर्ट पर सभी सेवाएं सुचारू रूप से जारी हैं और यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।