Edited By Tanuja,Updated: 04 Apr, 2026 11:33 AM

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच अमेरिकी विमान गिराए जाने के बावजूद Donald Trump ने कहा कि इससे बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एक पायलट को बचा लिया गया है, जबकि दूसरा लापता है। इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक बातचीत ठप पड़ती दिख रही है।
Washington:अमेरिका और ईरान (Iran) के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने साफ कहा है कि अमेरिकी विमान गिराए जाने की घटना से ईरान के साथ चल रही बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ट्रंप ने कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं। यह जंग है, और हम जंग में हैं।” यह बयान ऐसे समय आया है जब एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के गिरने की खबर ने हालात को और गंभीर बना दिया है। यह इस घटना पर ट्रंप की पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया मानी जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने दावा किया है कि उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी A-10 विमान को मार गिराया। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं दूसरी तरफ, अमेरिकी मीडिया के अनुसार गिराया गया विमान F-15E Strike Eagle था, जिसमें दो लोग सवार थे। अमेरिकी सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक पायलट को सुरक्षित निकाल लिया है, जो फिलहाल इलाज ले रहा है। लेकिन दूसरे पायलट की तलाश अभी भी जारी है और उसकी स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
इस घटना के साथ-साथ कूटनीतिक मोर्चे पर भी हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने बातचीत में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है, जिससे युद्धविराम की कोशिशों को झटका लगा है। कुल मिलाकर, मिडिल ईस्ट में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं, जहां एक तरफ सैन्य कार्रवाई तेज हो रही है और दूसरी तरफ बातचीत की कोशिशें कमजोर पड़ती दिख रही हैं।