Edited By Pardeep,Updated: 06 Mar, 2026 02:56 AM

भारत ने इंग्लैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। आखिरी ओवर तक चले इस बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत की जीत और फाइनल के बीच इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब ग्राहम बेथल मजबूती से खड़े थे। पूरा भारत उनके विकेट गिरने का इंतजार...
स्पोर्ट्स डेस्कः भारत ने इंग्लैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। आखिरी ओवर तक चले इस बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत की जीत और फाइनल के बीच इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब ग्राहम बेथल मजबूती से खड़े थे। पूरा भारत उनके विकेट गिरने का इंतजार कर रहा था और आखिरकार आखिरी ओवर में उनका विकेट गिरा।
हालांकि तब तक 22 साल के इस बल्लेबाज ने 105 रन की शानदार पारी खेलकर मैच को पूरी तरह रोमांचक बना दिया था और दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को उनके बारे में जानने के लिए मजबूर कर दिया।
दूसरे ही इंटरनेशनल मैच में दिखा दिया था टैलेंट
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथल के लिए ऐसी शानदार बल्लेबाजी करना नया नहीं है। उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर में ही अपने टैलेंट का दम दिखा दिया था। कार्डिफ के मैदान पर अपना दूसरा इंटरनेशनल मैच खेलते हुए उन्होंने दुनिया के बेहतरीन व्हाइट-बॉल गेंदबाजों में गिने जाने वाले एडम जैम्पा के एक ओवर में 20 रन बना दिए थे। उस मैच में उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन के साथ मिलकर 47 गेंदों में 90 रन की साझेदारी की और टीम को 194 रन के लक्ष्य तक पहुंचाकर जीत दिलाई। इस शानदार पारी के बाद उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ी पहचान मिली।
कैरेबियन टूर और न्यूजीलैंड में भी किया शानदार प्रदर्शन
इसके बाद कैरेबियन दौरे पर भी बेथल का बल्ला खूब चला। उन्होंने उस दौरे में लगातार तीन नाबाद अर्धशतक लगाए और टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट टीम में मौका मिला। वहां भी उन्होंने निराश नहीं किया और तीनों टेस्ट मैचों में अर्धशतक लगाकर अपनी प्रतिभा साबित की।
कम उम्र में ही बन गए कप्तान
साल 2025 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा था। लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा दिखाया। सितंबर 2025 में आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए उन्हें टीम का कप्तान बना दिया गया। उस समय उनकी उम्र 21 साल और 329 दिन थी। इसी के साथ वह इंग्लैंड के इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए।
बारबाडोस से शुरू हुई क्रिकेट की कहानी
जैकब बेथल की कहानी इंग्लैंड में नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के बारबाडोस से शुरू हुई थी। जब वह 13 साल के थे, तब उन्हें इंग्लैंड के रग्बी स्कूल में क्रिकेट स्कॉलरशिप मिली। इसके बाद वह इंग्लैंड चले गए और वहीं से उनके क्रिकेट करियर की असली शुरुआत हुई। उन्होंने वॉरिकशायर की यूथ टीम जॉइन की और सिर्फ 17 साल की उम्र में प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप से मिली पहचान
साल 2021 में उन्होंने T20 ब्लास्ट में डेब्यू किया। इसके बाद 2022 में इंग्लैंड अंडर-19 टीम के साथ वर्ल्ड कप खेला। उस टूर्नामेंट में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 42 गेंदों पर 88 रन की शानदार पारी खेली थी, जिससे वह चर्चा में आ गए।
2024 बना करियर का टर्निंग पॉइंट
साल 2024 जैकब बेथल के करियर का ब्रेकथ्रू साल साबित हुआ। उन्होंने वॉरिकशायर के लिए T20 ब्लास्ट और बर्मिंघम फीनिक्स के लिए द हंड्रेड टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन की वजह से उन्हें इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम में जगह मिली।
कई T20 लीग्स में खेलते हैं बेथल
जैकब बेथल बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अलग-अलग बल्लेबाजी पोजीशन पर खेलने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा वह लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उनके इस ऑलराउंड टैलेंट को देखते हुए दुनिया की कई T20 लीग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है।
सेमीफाइनल में खेली 105 रन की यादगार पारी
T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 254 रन का बड़ा लक्ष्य मिला था। शुरुआत में ही टीम को झटके लग गए। 5वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान हैरी ब्रूक आउट हो गए और टीम का स्कोर 38 रन पर 2 विकेट हो गया। इसके बाद जैकब बेथल बल्लेबाजी करने आए। अगले ही ओवर में जॉस बटलर भी आउट हो गए, लेकिन बेथल एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने विल जैक्स के साथ 39 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की। फिर सैम करन के साथ 50 रन की साझेदारी निभाई। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। ओवर की पहली ही गेंद पर बेथल रन आउट हो गए। ऐसा लगा जैसे इस मैच में उन्हें आउट करने का यही एक तरीका था। उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गया। हालांकि टीम सिर्फ 7 रन से मैच हार गई।
हार के बावजूद दुनिया भर में छा गए बेथल
भले ही इंग्लैंड की टीम फाइनल में जगह नहीं बना सकी, लेकिन जैकब बेथल ने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में अपनी पहचान और मजबूत कर ली है। सेमीफाइनल में खेली गई उनकी 105 रन की पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी और उन्होंने अपने टैलेंट से दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को प्रभावित किया है।