Edited By Anu Malhotra,Updated: 31 Jul, 2026 10:08 AM

Spain/Morocco Border Crisis: स्पेन और मोरक्को की सीमा पर स्थित Ceuta शहर में अचानक हजारों प्रवासियों (Migrants) के पहुंचने से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने सीमा पार करने की कोशिश की, जिसके बाद स्पेन सरकार ने शहर की सुरक्षा...
Spain/Morocco Border Crisis: स्पेन और मोरक्को की सीमा पर स्थित Ceuta शहर में अचानक हजारों प्रवासियों (Migrants) के पहुंचने से हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने सीमा पार करने की कोशिश की, जिसके बाद स्पेन सरकार ने शहर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सेना (Spanish Armed Forces) को तैनात करने का फैसला किया है। इस घटना के दौरान कम से कम 9 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। कई लोग समुद्र के रास्ते स्पेन पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार कुछ शव पानी में भी मिले हैं।
स्थानीय प्रशासन ने मांगी अतिरिक्त सुरक्षा
Ceuta प्रशासन ने केंद्र सरकार से तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने की मांग की थी। इसके बाद स्पेन सरकार ने सेना और Civil Guard को सीमा पर तैनात करने का फैसला लिया ताकि हालात पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके। स्पेन के प्रधानमंत्री Pedro Sanchez और गृह मंत्री Fernando Grande-Marlaska ने भी Ceuta का दौरा करने का निर्णय लिया है ताकि मौके पर स्थिति का जायजा लिया जा सके।
हजारों लोगों ने किया सीमा पार करने का प्रयास
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सीमा की बाड़ और समुद्र के रास्ते Ceuta में प्रवेश करने लगे। वीडियो में कई युवा, महिलाएं और छोटे बच्चे भी सीमा पार करते दिखाई दिए। Ceuta में तैनात Civil Guard के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई थी और सीमा व्यवस्था लगभग ध्वस्त हो गई।
मोरक्को की ओर से क्या कहा गया?
मोरक्को के मानवाधिकार संगठन के प्रतिनिधियों ने इस घटना को असाधारण बताया। हालांकि मोरक्को सरकार ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया। स्पेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि मोरक्को की सुरक्षा एजेंसियां भी सीमा पर लोगों को रोकने में सहयोग कर रही हैं। दोनों देशों ने अवैध रूप से Ceuta पहुंचे लोगों को जल्द वापस भेजने पर भी सहमति जताई है।
राष्ट्रीय आपातकाल की मांग
Ceuta के क्षेत्रीय प्रमुख Juan Jesus Vivas ने इस घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताते हुए देश में आपातकाल घोषित करने की मांग की। उन्होंने सीमा की सुरक्षा के लिए अधिक पुलिस बल और सेना भेजने की अपील की। हालांकि स्पेन के गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मौजूदा कानून के अनुसार केवल प्रवासियों की संख्या बढ़ने के आधार पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित नहीं किया जा सकता।
इटली ने भी जताई चिंता
इस घटनाक्रम के बाद इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni ने भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो इटली अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए स्पेन के साथ Schengen व्यवस्था पर कदम उठा सकता है।
क्यों बढ़ रही है Ceuta में घुसपैठ?
Ceuta अफ्रीका के उत्तरी तट पर स्थित स्पेन का छोटा क्षेत्र है। बेहतर रोजगार, सुरक्षित जीवन और यूरोप पहुंचने की उम्मीद में अफ्रीका और अन्य देशों के लोग यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं। अधिकांश प्रवासी मोरक्को के Fnideq और Belyounech इलाकों से समुद्र में तैरकर या सीमा पार करके Ceuta पहुंचने का प्रयास करते हैं।
2021 जैसी स्थिति फिर बनी
यह पहली बार नहीं है। मई 2021 में भी दो दिनों के भीतर लगभग 8,000 प्रवासी Ceuta पहुंच गए थे। उस समय भी स्पेन और मोरक्को के बीच सीमा और कूटनीतिक संबंधों को लेकर बड़ा विवाद हुआ था।
प्रवासी केंद्रों पर बढ़ा दबाव
Ceuta प्रशासन के अनुसार प्रवासियों की संख्या तेजी से बढ़ने के कारण रिसेप्शन सेंटर पूरी तरह भर चुके हैं। कई लोगों को खुले स्थानों और सड़कों पर रात बितानी पड़ रही है। स्पेन के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई के मध्य तक इस साल लगभग 3,000 लोग Ceuta में अवैध रूप से प्रवेश कर चुके थे और हालिया घटनाओं के बाद यह संख्या और बढ़ने की आशंका है। स्पेन सरकार का कहना है कि सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर हालात पर लगातार नजर रख रही हैं। सीमा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।