ऑटो सेक्टर पर भारी पड़ा 'स्क्रैप' नियम, 2025-26 में लक्ष्य से 70% पीछे रहीं वाहन कंपनियां

Edited By Updated: 10 May, 2026 02:28 PM

automotive sector 70 behind  scrappage  target in 2025 26

वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय वाहन उद्योग स्क्रैपिंग और इस्पात समतुल्य (EPR) लक्ष्यों को पूरा करने में 70% पीछे रहा है। सरकार द्वारा नियमों में किए गए अचानक बदलाव के कारण, कंपनियां 7.62 लाख के लक्ष्य के मुकाबले केवल 2.42 लाख वाहन ही कबाड़ केंद्रों...

ऑटो डेस्क: भारत की वाहन कंपनियां वित्त वर्ष 2025-26 में वाहन कबाड़ (स्क्रैप) से जुड़े इस्पात समतुल्य दायित्वों को पूरा करने में करीब 70 प्रतिशत पीछे रही हैं। उद्योग जगत के अधिकारियों ने इसके लिए पर्यावरण मंत्रालय की 'अव्यावहारिक नीति' को जिम्मेदार ठहराया है, जिसके कारण पूरा वाहन उद्योग नियमों का अनुपालन नहीं कर सका। 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जनवरी, 2025 में 'पर्यावरण संरक्षण (वाहन को चलाने की अवधि की समाप्ति) नियम, 2025' अधिसूचित किए थे, जो एक अप्रैल, 2025 से लागू हुए। इन नियमों के तहत वाहन विनिर्माताओं को विस्तारित उत्पादक दायित्व (ईपीआर) के तहत स्क्रैप किए गए पुराने वाहन या पंजीकृत कबाड़ केंद्रों पर प्रसंस्कृज अन्य इस्पात कबाड़ से प्राप्त इस्पात के आधार पर दायित्व पूरा करना था। 

हालांकि, मंत्रालय ने 27 मार्च, 2026 को जारी संशोधन के मसौदे में 'अन्य इस्पात स्क्रैप सामग्री' के प्रावधान को हटा दिया। इसके बाद केवल पुराने वाहनों को कबाड़ करने से प्राप्त इस्पात को ही ईपीआर प्रमाणपत्र के लिए मान्य किया गया। नियमों के अनुसार, वाहन विनिर्माताओं को 15-20 वर्ष पुराने निजी और वाणिज्यिक वाहनों को कबाड़ कराना अनिवार्य किया गया है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनियों को वर्ष 2005-06 में बेचे गए निजी वाहनों तथा 2010-11 में बेचे गए वाणिज्यिक वाहनों के इस्पात समतुल्य का कम से कम आठ प्रतिशत कबाड़ में बदलना था। इसका अर्थ था कि 2025-26 में कुल 95.2 लाख वाहन फिटनेस परीक्षण के लिए पात्र थे, जिनमें से 7.62 लाख वाहनों को कबाड़ किया जाना आवश्यक था। 

लेकिन आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कबाड़ केंद्रों पर केवल 2.42 लाख पुराने वाहन ही पहुंचे। इस तरह लगभग 5.2 लाख वाहनों की कमी रह गई। उद्योग से जुड़े एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "पूरे वाहन उद्योग में लगभग 70 प्रतिशत की कमी रही।" एक अन्य अधिकारी ने कहा कि मार्च, 2026 के संशोधन के बाद 'अन्य इस्पात स्क्रैप' को हटाने से स्थिति और कठिन हो गई। उन्होंने कहा, "ज्यादातर वाहन विनिर्माताओं ने वाहन को कबाड़ करने और अन्य स्रोतों से इस्पात स्क्रैप दोनों के जरिये लक्ष्य पूरा करने की योजना बनाई थी। लेकिन यह प्रावधान हटने के बाद लक्ष्य हासिल करना लगभग असंभव हो गया।" 
 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!