Yamaha का 300cc इंजन और एडवांस फीचर्स के साथ एयरबैग स्कूटर लॉन्च, देखें इसकी खासियतें

Edited By Updated: 18 Mar, 2026 03:14 PM

yamaha launches scooter with 300cc engine advanced features and airbag

जापानी कंपनी यामाहा ने टू-व्हीलर राइडर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया एयरबैग स्कूटर Yamaha Tricity 300 लॉन्च किया है इसमें तीन पहिए, 292 सीसी इंजन, लंबी सीट और चौड़ा फ्लोरबोर्ड है। एडवांस एयरबैग सिस्टम स्कूटर के फ्रंट डैशबोर्ड में लगा है और...

ऑटो डेस्क : जापानी दोपहिया वाहन निर्माता यामाहा ने टू-व्हीलर राइडर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नया एडवांस स्कूटर लॉन्च किया है। सड़क पर बाइक या स्कूटर चलाते समय राइडर्स सबसे ज्यादा एक्सपोज़र में रहते हैं, जिससे किसी भी दुर्घटना में गंभीर चोट लग सकती है। इस समस्या का समाधान करने के लिए यामाहा ने अपने लोकप्रिय Yamaha Tricity 300 में इनबिल्ट एयरबैग फीचर जोड़ा है।

Yamaha Tricity 300 में एयरबैग

Yamaha Tricity 300 पहले से ही बाजार में उपलब्ध था, लेकिन अब इसमें विशेष एयरबैग सिस्टम जोड़ा गया है। यह एयरबैग स्कूटर के फ्रंट डैशबोर्ड में लगाया गया है और दुर्घटना के समय तेजी से खुलकर राइडर को सुरक्षा प्रदान करता है। यह फीचर वैसे ही काम करता है जैसे कार में एयरबैग खुलता है, और कंपनी का दावा है कि राइडिंग या बैलेंस पर कोई असर नहीं पड़ता।

Autoliv के साथ सहयोग

इस एयरबैग सिस्टम को यामाहा ने टैक्नोलॉजी और सेफ्टी कंपनी Autoliv के साथ मिलकर विकसित किया है। Autoliv के सीईओ माइकल ब्रैट के अनुसार, कारों के मुकाबले टू-व्हीलर राइडर्स की सुरक्षा कम होती है, और यह तकनीक उनकी जान बचाने में मदद करेगी।

टेस्टिंग और सुरक्षा

इस एयरबैग सिस्टम को बनाने के लिए यामाहा ने एडवांस सिमुलेशन और असली क्रैश टेस्ट किए हैं। सभी टेस्ट पास होने के बाद ही इसे बाजार में लॉन्च किया गया है। इससे पहले बाइकर्स के लिए एयरबैग ज्यादातर जैकेट या वेस्ट में उपलब्ध होते थे। ग्लोबल मार्केट में होंडा गोल्ड विंग जैसे कुछ मॉडल में यह सुविधा थी, लेकिन अब यामाहा भी इस लिस्ट में शामिल हो गई है।

स्कूटर का डिज़ाइन और सीट

Yamaha Tricity 300 तीन पहियों वाला स्कूटर है, जिसमें आगे दो और पीछे एक पहिया दिया गया है। इसकी लंबी, चौड़ी सीट पर दो लोग आराम से बैठ सकते हैं। इसके अलावा इसमें चौड़ा फ्लोरबोर्ड भी दिया गया है, जिससे राइडिंग और स्टैंडिंग में सुविधा होती है।

इंजन और परफॉर्मेंस

इसमें 292 सीसी का 4-स्ट्रोक लिक्विड कूल्ड सिंगल सिलिंडर इंजन लगा है। यह इंजन 20.6 kW की पावर और 28.9 Nm का टॉर्क प्रदान करता है। स्कूटर का साइज 2250 मिमी लंबा, 815 मिमी चौड़ा और 1470 मिमी ऊंचा है। सीट की ऊंचाई 795 मिमी है और व्हीलबेस 1595 मिमी है।

फीचर्स और तकनीक

स्कूटर में 4.2-इंच की TFT स्क्रीन दी गई है। इसमें ऑन-स्क्रीन नेविगेशन और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसका वजन 242 किग्रा है और ग्राउंड क्लीयरेंस 130 मिमी दिया गया है, जिससे खराब रास्तों पर भी राइडिंग आसान रहती है।

माइलेज और फ्यूल टैंक

Yamaha Tricity 300 में 13 लीटर का फ्यूल टैंक है। यह स्कूटर 3.3 लीटर पेट्रोल में 100 किमी की दूरी तय कर सकती है, यानी औसतन 30 किमी/लीटर का माइलेज देती है।


 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!