Edited By Radhika,Updated: 14 Apr, 2026 06:41 PM

बिहार के CM पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की हलचल तेज हो गई है। इस सियासी उलटफेर के बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर सीधा हमला बोला है।
नेशनल डेस्क: बिहार के CM पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की हलचल तेज हो गई है। इस सियासी उलटफेर के बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर सीधा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर बोला हमला
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार हमेशा महात्मा गांधी के आदर्शों की बात करते थे, लेकिन आज उन्होंने उसी पार्टी के लिए रास्ता साफ कर दिया है जो 'नाथूराम गोडसे' की विचारधारा पर चलती है। आरजेडी नेता ने आगामी सरकार की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह राजनीतिक बदलाव जनता की इच्छा के विपरीत है। उन्होंने इसे जनमत के साथ धोखा करार दिया। तेजस्वी ने कहा कि यह बदलाव जननायक कर्पूरी ठाकुर की विरासत के खिलाफ है। उन्होंने तंज कसा कि जो लोग कभी इन महान नेताओं के आलोचक थे, आज उन्हीं के हाथों में सत्ता सौंपी जा रही है। सम्राट चौधरी का नाम लिए बिना तेजस्वी ने दावा किया कि आज बिहार की राजनीति में जो भी नेता उभर रहे हैं, वे 'लालू प्रसाद की राजनीतिक पाठशाला' से ही निकले हैं। लालू जी ने ही कई नेताओं के शुरुआती करियर को संवारा था।
बिहार से नहीं दिल्ली से चलेगी सरकार
एक बेहद तीखी टिप्पणी में तेजस्वी ने कहा कि अब बिहार की सरकार राज्य के भीतर से नहीं, बल्कि 'बाहर' (दिल्ली) से संचालित होगी, जिसका मतलब है कि फैसले कहीं और लिए जाएंगे। बिहार का सियासी पारा इस वक्त चरम पर है। सम्राट चौधरी जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं, लेकिन तेजस्वी के इन बयानों ने भविष्य की राजनीतिक जंग का बिगुल फूंक दिया है।