Edited By jyoti choudhary,Updated: 02 Mar, 2026 06:28 PM

दिल्ली-एनसीआर में इस बार होली का त्योहार व्यापारियों के लिए खुशियों और बढ़ते कारोबार का संदेश लेकर आया है। इस साल व्यापार के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, इस होली सीजन में अकेले दिल्ली में...
बिजनेस डेस्कः दिल्ली-एनसीआर में इस बार होली का त्योहार व्यापारियों के लिए खुशियों और बढ़ते कारोबार का संदेश लेकर आया है। इस साल व्यापार के सभी पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, इस होली सीजन में अकेले दिल्ली में 2,000 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने की संभावना है।
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने बताया कि इस बार होली का खुमार पिछले कई वर्षों की तुलना में चार गुना अधिक देखा जा रहा है। पूरी दिल्ली में छोटे-बड़े मिलाकर 5000 से अधिक ‘होली मंगल मिलन’ समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें फूलों की होली, चंदन टीका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम है। व्यापार विशेषज्ञों का कहना है कि इन आयोजनों से टेंट हाउस, हलवाई, इवेंट ऑर्गनाइजर्स, साउंड-डीजे, गायक, नर्तक, एंकर और कैटरर्स की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है। साथ ही रंग, गुलाल, पिचकारी, लिकर और मिठाई बेचने वाले व्यापारियों के पास भी इस सीजन में काम की कमी नहीं है।
त्योहार के मुख्य दिन यानी 4 मार्च को दिल्ली के सभी 700 छोटे-बड़े बाजार बंद रहेंगे। इसमें चांदनी चौक, कश्मीरी गेट, करोल बाग, लाजपत नगर, कनॉट प्लेस और सरोजनी नगर जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली के सभी 56 औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों में भी अवकाश रहेगा, ताकि कर्मचारी परिवार के साथ त्योहार मना सकें।
CTI ने बताया कि होलिका दहन 3 मार्च को ग्रहण के कारण कई स्थानों पर 2 मार्च को ही किया जाएगा। स्टाफ और लेबर के लिए यह अवकाश सुनिश्चित करने के पीछे उद्देश्य यह है कि वे त्योहार का आनंद अपने परिवार के साथ मनाएं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल होली केवल रंगों की ही नहीं, बल्कि व्यापार में नोटों की भी बारिश लेकर आ रही है।