Edited By jyoti choudhary,Updated: 25 Apr, 2026 12:05 PM

देशभर में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सरकार की कोशिशों के बावजूद यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग देरी और कमी...
बिजनेस डेस्कः देशभर में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सरकार की कोशिशों के बावजूद यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग देरी और कमी को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।
सरकार ने सिलेंडर बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समय सीमा तय की है लेकिन गैस कंपनियां अगली बुकिंग की तारीख सप्लाई की तारीख से जोड़ रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त 7–10 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया और धीमी हो गई है।
उत्तर प्रदेश में सिलेंडर की किल्लत
उत्तर प्रदेश के कई जिलों—रायबरेली, बस्ती, कानपुर और प्रयागराज—में सिलेंडर की किल्लत और डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। शादी के सीजन के चलते कॉमर्शियल सिलेंडर की मांग बढ़ गई है लेकिन सप्लाई सीमित है। प्रयागराज में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 4,600 रुपए से ऊपर पहुंच गई है, जिसमें सुरक्षा राशि भी शामिल है।
कोयले की सप्लाई शुरू
बिहार में भी बड़ी संख्या में बुकिंग लंबित हैं, खासकर पटना में। हालात को देखते हुए सरकार ने कुछ जगहों पर राशन दुकानों के जरिए कोयले की सप्लाई शुरू करने का फैसला किया है, ताकि लोगों को खाना बनाने में राहत मिल सके।
लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर
मध्य प्रदेश में गर्मी के बीच गैस की कमी ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। भोपाल में लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि मैहर में लोगों ने विरोध-प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी।
राजस्थान में प्रशासन ने शादियों के लिए सिलेंडर लेने पर अतिरिक्त औपचारिकताएं लागू कर दी हैं, जिसमें आवेदन के साथ शादी का कार्ड देना जरूरी है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर लकड़ी और कोयले के इस्तेमाल की सलाह भी दी गई है।