Edited By jyoti choudhary,Updated: 18 Feb, 2026 12:26 PM

बुधवार को शेयर बाजार में NDL Ventures Limited के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का स्टॉक BSE पर 20% के अपर सर्किट के साथ 117.60 रुपए तक पहुंच गया। सुबह 9:18 बजे के आसपास शेयर करीब 19% की बढ़त के साथ 117.45 रुपए पर कारोबार कर रहा था,...
बिजनेस डेस्कः बुधवार को शेयर बाजार में NDL Ventures Limited के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का स्टॉक BSE पर 20% के अपर सर्किट के साथ 117.60 रुपए तक पहुंच गया। सुबह 9:18 बजे के आसपास शेयर करीब 19% की बढ़त के साथ 117.45 रुपए पर कारोबार कर रहा था, जबकि BSE Sensex सपाट ट्रेड कर रहा था।
क्या है तेजी की वजह?
इस तेजी की मुख्य वजह Competition Commission of India (CCI) द्वारा मर्जर को मंजूरी दिया जाना है। CCI ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि उसने Hinduja Leyland Finance के NDL Ventures में विलय को स्वीकृति दे दी है। इस खबर के बाद निवेशकों में खरीदारी का उत्साह बढ़ गया।
मर्जर को पहले मिल चुकी हैं अहम मंजूरियां
इस प्रस्तावित मर्जर को अगस्त 2025 में Reserve Bank of India (RBI) से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका था। इसके बाद नवंबर 2025 में कंपनी के बोर्ड ने इस स्कीम को मंजूरी दी थी। 25 नवंबर 2025 की बैठक में ऑडिट कमेटी और स्वतंत्र निदेशकों की सिफारिश पर मर्जर योजना को सर्वसम्मति से पास किया गया था।
क्या है शेयर स्वैप रेशियो?
मर्जर के तहत Hinduja Leyland Finance के हर 10 शेयरों के बदले NDL Ventures के 25 इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। सभी शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपए होगी। रिकॉर्ड डेट की घोषणा बाद में की जाएगी।
कंपनियों का कारोबार
NDL Ventures रियल एस्टेट और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में सक्रिय है। कंपनी की शुरुआत 18 जुलाई 1985 को “Mitesh Mercantile & Financing Limited” के नाम से हुई थी और समय-समय पर इसका नाम बदला गया।
वहीं Hinduja Leyland Finance एक NBFC-Asset Finance कंपनी है, जो शहरी और अर्ध-शहरी ग्राहकों को छोटे टिकट साइज के लोन उपलब्ध कराती है। कंपनी टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, कमर्शियल व्हीकल, कार, मल्टी-यूटिलिटी व्हीकल, लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी और अफोर्डेबल हाउसिंग लोन प्रदान करती है।
आगे क्या?
CCI की मंजूरी के बाद अब मर्जर प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। इस विलय से NDL Ventures की फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस में पकड़ मजबूत हो सकती है। हालांकि निवेशकों की नजर अब मर्जर के बाद कंपनी की बैलेंस शीट, एसेट क्वालिटी और लोन ग्रोथ पर रहेगी। फिलहाल बाजार ने इस खबर का सकारात्मक स्वागत किया है, जिसका असर शेयर में तेज उछाल के रूप में दिखा।