Edited By Ajay Chandigarh,Updated: 16 May, 2023 07:53 PM
हरियाणा वन विभाग द्वारा प्रदेश को हरा भरा बनाने के लिए 90 किस्मों के 3 लाख 78 हजार 250 पौधे लगाए जाएंगे। विभाग मानसून की पहली बारिश के बाद पौधारोपण का कार्य प्रारंभ करेगा। पौधारोपण में मुख्य रूप से औषधीय पौधे, फल देने वाले, छाया देने वाले व लकड़ी...
चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा वन विभाग द्वारा प्रदेश को हरा भरा बनाने के लिए 90 किस्मों के 3 लाख 78 हजार 250 पौधे लगाए जाएंगे। विभाग मानसून की पहली बारिश के बाद पौधारोपण का कार्य प्रारंभ करेगा। पौधारोपण में मुख्य रूप से औषधीय पौधे, फल देने वाले, छाया देने वाले व लकड़ी देने वाले पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए पौधारोपण जरूरी है। पौधे हवा को शुद्ध करते हैं, पानी का संरक्षण करते हैं जलवायु नियंत्रण में मदद करते हैं व मिट्टी को संरक्षित करने के अलावा पर्यावरण को कई अन्य तरीकों से भी लाभान्वित करते हैं।
उन्होंने बताया कि पेड़ हवा से कणों को फिल्टर भी करते हैं, इस प्रकार इसे स्वच्छ और जहरीले पदार्थों से मुक्त बनाते हैं। हमें पौधारोपण तो करना ही चाहिए साथ ही साथ उनकी परवरिश भी करनी चाहिए। पंचायती जमीन, मुख्य मार्ग, स्कूल, कालेज, श्मशान घाट, खेल के मैदान, सरकारी शिक्षण संस्थान आदि में मानसून आने के बाद पौधारोपण किया जाएगा पौधारोपण में पौधगिरि के तहत 75 हजार, जल शक्ति के तहत 1 लाख व 75 हजार पौधे नि:शुल्क दिए जाएंगे।
-औषधीय, फल और छाया देने वाले पौधों पर रहेगा विभाग का जोर
प्रवक्ता ने बताया कि वृक्षारोपण जरूरी है क्योंकि जब हम पेड़ पौधे लगाएंगे तब ही हमें शुद्ध हवा मिलेगी व हम स्वस्थ रहेंगे। पेड़ पौधे ही वातावरण और जलवायु को नियंत्रित करते हैं। पौधे जीवन देने वाली ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और जानवरों द्वारा छोड़ी गई कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं। ये फल, लकड़ी, फाइबर, रबर आदि और भी बहुत कुछ प्रदान करते हैं। पेड़ पशुओं और पक्षियों के लिए आश्रय का भी काम करते हैं। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों, विद्यालयों का भी सहयोग लिया जाएगा।