Edited By ashwani,Updated: 19 Jun, 2021 12:47 AM
आटा चक्की का मालिक पॉवरकाम दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर है
डेराबस्सी, (गुरप्रीत) : पॉवरकाम ने एक आटा चक्की मालिक की रातों की नींद उड़ा दी है। दरअसल पॉवरकाम ने उसे 1 करोड़ 36 लाख 7 हजार रुपए का बिल भेजा है। इसे पावरकॉम की लापरवाही कहा जाए तो गलत नहीं होगा। वहीं आटा चक्की का मालिक पॉवरकाम दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर है। वह भारी भरकम बिल को ठीक करवाने के लिए पॉवरकाम दफ्तर जाकर अधिकारियों से गुहार लगा रहा है।
10 हजार रुपए आता था बिल
कालरा आटा चक्की के मालिक सतपाल सिंह ने बताया कि उसने गांव में चक्की लगाई हुई है और उसका बिजली बिल हर महीने 10 हजार रुपए आटा है परंतु मई महीने में पावरकॉम ने उसकी आटा चक्की का बिल 1 करोड़ 36 लाख 7 हजार रुपए बनाकर भेज दिया, जिसे देखकर उसके पांव तले जमीन ही खिसक गई। सतपाल सिंह ने बताया कि इतना बिल देखकर उसकी रातों की नींद उड़ी हुई है। पावरकॉम की तरफ से भेजे गलत बिल को ठीक करवाने में लोगों के जूतों के तलवे घिस जाते हैं पर बिल समय पर ठीक नहीं होता। सतपाल सिंह ने बताया कि यदि जल्द बिल ठीक नहीं होता तो पावरकॉम बिजली का कनेक्शन काटते देर नहीं लगाता, जबकि गलती पावरकॉम की अपनी होती है।
एस.डी.ओ. ने बताई कंप्यूटर की गलती
पावरकॉम के एस.डी.ओ. अमनप्रीत सिंह ने बताया कि कंप्यूटर में गलती होने के कारण बिल गलत बन गया होगा, जिसको ठीक करवा दिया जाएगा।