Edited By Niyati Bhandari,Updated: 30 Jul, 2023 08:04 AM
जम्मू (प.स./संजीव): दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में ‘बाबा बर्फानी’ के दर्शन के लिए 2,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का नया जत्था 87 वाहनों के काफिले
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
जम्मू (प.स./संजीव): दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में ‘बाबा बर्फानी’ के दर्शन के लिए 2,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का नया जत्था 87 वाहनों के काफिले में सवार होकर शनिवार सुबह जम्मू शहर से कश्मीर के दो आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 30 जून को अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के बाद यह जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होने वाला तीर्थयात्रियों का सबसे कम संख्या वाला जत्था था। गुफा मंदिर के दर्शन के लिए अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल स्थित जुड़वां आधार शिविर से 1 जुलाई को यात्रा की शुरूआत हुई थी। यह यात्रा 62 दिनों तक चलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक लगभग 3.78 लाख तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में रोजाना औसतन 7,000 तीर्थयात्री गुफा मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 27वें जत्थे में कुल 2,050 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 357 महिलाएं, 12 बच्चे, 54 साधु और 9 साध्वियां हैं। जत्थे में पहलगाम मार्ग के लिए 1,442 और बालटाल मार्ग के लिए 608 शिवभक्त सुबह साढ़े 3 से पौने 4 बजे के बीच सुरक्षा कर्मियों के साथ एक काफिले में भगवती नगर आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हुए।