Edited By Niyati Bhandari,Updated: 13 Oct, 2026 11:21 AM

अयोध्या की रामलीला में सोमवार को कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम की गाथा पर आधारित इस प्रस्तुति में परशुराम की भूमिका में दिग्गज अभिनेता पुनीत इस्सर ने दमदार अभिनय और प्रभावशाली संवादों से दर्शकों को खासा...
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): अयोध्या की रामलीला में सोमवार को कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम की गाथा पर आधारित इस प्रस्तुति में परशुराम की भूमिका में दिग्गज अभिनेता पुनीत इस्सर ने दमदार अभिनय और प्रभावशाली संवादों से दर्शकों को खासा प्रभावित किया। उनके अभिनय ने मंच पर जोश और ऊर्जा का माहौल बना दिया। रामलीला में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज मेजो ने माता सीता की भूमिका में भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नारी गरिमा का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। अक्षत ने श्रीराम और अभिनेता अरुण बख्शी ने रावण की भूमिका निभाई। मधुर दत्त ने भगवान हनुमान की भूमिका निभाकर रामभक्ति को मंच पर जीवंत किया। अयोध्या की रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक और महासचिव शुभम मलिक के नेतृत्व में 'संपूर्ण रामलीला' का आयोजन कांस्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में किया जा रहा है।
भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं व रामायण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इस मौके पर रामलीला की भव्य प्रस्तुति और कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से जोड़ा। परशुराम के रूप में पुनीत इस्सर का दमदार अभिनय, माता सीता के रूप में मिस यूनिवर्स की प्रस्तुति, रावण के रूप में अरुण बख्शी और हनुमान जी के रूप में मधुर दत्त का अभिनय विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मावलंकर हॉल में 20 अक्तूबर तक प्रतिदिन शाम को सम्पूर्ण रामायण का मंचन किया जाएगा। इस दौरान सांसद रवि किशन प्रभु श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे। अयोध्या रामलीला का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों, सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना है।