Edited By Sarita Thapa,Updated: 09 Nov, 2026 08:40 AM

हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का बहुत खास महत्व है। हर साल गोवर्धन पूजा दिवाली के अगले दिन कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाई जाती है। साल 2026 में 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा है।
Govardhan Puja Parikrama Significance : हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का बहुत खास महत्व है। हर साल गोवर्धन पूजा दिवाली के अगले दिन कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाई जाती है। साल 2026 में 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा है। इस दिन लोग अपने घर के आंगन या मुख्य द्वार पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाते हैं और उसकी सच्चे मन से पूरे विधि-विधान से पूजा और परिक्रमा करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गोबर से बने इस पर्वत की परिक्रमा क्यों की जाती है और परिक्रमा की सही दिशा और नियम क्या हैं। तो आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
गाय के गोबर से बने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा क्यों करते हैं?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के अहंकार और प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया था। लगातार सात दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद जब इंद्र का घमंड टूटा, तब श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों से गोवर्धन पर्वत और प्रकृति की पूजा करने का आग्रह किया। तभी से गोवर्धन पर्वत को भगवान श्रीकृष्ण का ही एक स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है। चूंकि हर कोई वास्तविक गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने नहीं जा सकता, इसलिए घर पर ही पवित्र गाय के गोबर से प्रतीक स्वरूप गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है। मान्यता है कि इस प्रतीक पर्वत की सच्चे मन से परिक्रमा करने से घर में सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षा का वास होता है।

परिक्रमा करने की सही दिशा और मुख्य नियम
परिक्रमा हमेशा अपने दाहिने हाथ की ओर से शुरू करनी चाहिए यानी आपका दाहिना कंधा गोवर्धन पर्वत की तरफ होना चाहिए।
परिक्रमा की शुरुआत हमेशा पूर्व दिशा से उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए, गोलाकार घूमकर पूरी की जाती है। कभी भी उल्टी परिक्रमा न करें, इसे अशुभ माना जाता है।
परिक्रमा एक बार शुरू करने के बाद बीच में रुकना नहीं चाहिए। इसे एक ही बार में पूरा करें।
परिक्रमा करते समय हाथ में लोटे में जल या बताशे/खीले लेकर धीरे-धीरे जमीन पर गिराते हुए चलना बेहद शुभ माना जाता है।
परिक्रमा हमेशा साफ-सुथरे वस्त्र पहनकर ही करें। यदि संभव हो तो नंगे पैर परिक्रमा करना अधिक फलदायी होता है।
परिक्रमा के समय मन ही मन "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" या "गिरिराज धरण की जय" का जप करते रहना चाहिए।
गोवर्धन परिक्रमा अकेले करने की बजाय परिवार के सभी सदस्यों के साथ मिलकर करनी चाहिए, जिससे घर में आपसी प्रेम और खुशहाली बढ़ती है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ