Edited By Sarita Thapa,Updated: 15 Mar, 2026 12:10 PM

हिंदू धर्म में लड्डू गोपाल की सेवा को एक सामान्य पूजा न मानकर बालक के रूप में उनकी सेवा करना माना जाता है। कई बार श्रद्धावश या उपहार में मिलने के कारण हमारे घर के मंदिर में दो लड्डू गोपाल विराजमान हो जाते हैं।
Laddu Gopal Vastu Tips : हिंदू धर्म में लड्डू गोपाल की सेवा को एक सामान्य पूजा न मानकर बालक के रूप में उनकी सेवा करना माना जाता है। कई बार श्रद्धावश या उपहार में मिलने के कारण हमारे घर के मंदिर में दो लड्डू गोपाल विराजमान हो जाते हैं। शास्त्रों और वास्तु विज्ञान के अनुसार, एक ही घर में दो लड्डू गोपाल रखना गलत नहीं है, लेकिन उनकी सेवा के नियम बहुत कठिन और विशिष्ट हो जाते हैं। यदि आप इन नियमों में चूक करते हैं, तो आपकी पूजा का पूर्ण फल आपको प्राप्त नहीं होता। तो आइए जानते हैं मंदिर में भी विराजमान दो बाल गोपाल की सेवा के नियम के बारे में-
भेदभाव का दोष
सबसे बड़ी गलती जो अक्सर भक्तों से होती है, वह है दोनों लड्डू गोपाल के बीच अनजाने में भेदभाव करना। यदि आप एक लड्डू गोपाल को नए वस्त्र पहना रहे हैं, तो दूसरे के लिए भी नए वस्त्र होने चाहिए। यदि एक को माखन-मिश्री का भोग लगा रहे हैं, तो दूसरे को भी वही और उतनी ही मात्रा में भोग मिलना चाहिए। किसी एक को 'छोटा' और दूसरे को 'बड़ा' समझना दोषपूर्ण माना जाता है।
झूला और शयन की व्यवस्था
अक्सर लोग दोनों लड्डू गोपाल को एक ही झूले में बिठा देते हैं या एक ही बिस्तर पर सुला देते हैं। वास्तु के अनुसार, दोनों के लिए अलग-अलग आसन या पर्याप्त स्थान होना चाहिए। यदि झूला एक ही है, तो वह इतना बड़ा हो कि दोनों सुखपूर्वक विराज सकें। शयन के समय भी दोनों के लिए अलग-अलग तकिया और बिछौना होना चाहिए।

नामकरण और पुकारने का भाव
दोनों स्वरूपों को एक ही नाम से पुकारना या उनके प्रति एक जैसा भाव न रखना मानसिक भ्रम पैदा करता है। आप अपने भाव के अनुसार दोनों के अलग-अलग नाम रख सकते हैं। इससे आपकी सेवा में स्पष्टता आती है और आपका जुड़ाव दोनों से बराबर बना रहता है।
विसर्जन या उपहार का नियम
कई लोग दो लड्डू गोपाल होने पर एक को किसी को दान कर देते हैं या जल विसर्जित कर देते हैं। यदि आपने प्राण-प्रतिष्ठा या लंबे समय तक सेवा की है, तो उन्हें अचानक किसी को देना या हटाना सही नहीं है। यदि आप सेवा करने में असमर्थ हैं, तो किसी योग्य ब्राह्मण या मंदिर में पूरे सम्मान के साथ उन्हें सौंपें।
अकेला न छोड़ें
लड्डू गोपाल को बालक माना जाता है। यदि घर में दो लड्डू गोपाल हैं, तो यह और भी जरूरी हो जाता है कि घर कभी भी सूना न रहे। यदि आप बाहर जा रहे हैं, तो उन्हें भी साथ ले जाएं या किसी पड़ोसी,मित्र को उनकी सेवा का जिम्मा सौंपें। दो लड्डू गोपाल होने का अर्थ है दोगुनी जिम्मेदारी।
वास्तु अनुसार दिशा और स्थान
मंदिर में दोनों लड्डू गोपाल का मुख पूर्व या उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए।
उनके आसपास गंदगी या अंधेरा न रखें।
ताजे फूलों और चन्दन की सुगंध से उनके आसपास का वातावरण शुद्ध रखें।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ