Edited By Niyati Bhandari,Updated: 02 Apr, 2023 08:42 AM

आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 2 अप्रैल में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 2 होता है, जिनके स्वामी चंद्र देव हैं।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 2 अप्रैल में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 2 होता है, जिनके स्वामी चंद्र देव हैं। मूलांक 2 वाले जातक भावुक, सहृदय और सरल दिल के होते हैं। इनकी अत्यधिक भावुकता इनकी सबसे बड़ी कमजोरी होती है। जिसका दूसरे लोग आज के समय में दुरुपयोग करते हैं तथा अपना फायदा निकालने की सोचते हैं। मूलांक 2 वालों को दूसरों की छोटी-छोटी बातें भी आहत कर जाती हैं। इन्हें दूसरों के दुख से भी परेशानी होती है। मूलांक 2 वाले जातक दूसरे लोगों के साथ बहुत जल्दी दिल का रिश्ता जोड़ लेते हैं तथा उनके हित के बारे में सोचते हैं। मूलांक 2 वाले जातक बहुत कल्पनाशील होते हैं। ये लोग बहुत ही सृजनशील होते हैं। उनकी कल्पनाओं का छौर काफी विस्तृत होता है। मूलांक 2 वालों का शारीरिक बल चाहे इतना अच्छा न हो परंतु इनका मानसिक संतुलन ही इनकी ताकत होता है। अपने परिवार में माता के साथ इनका घनिष्ठ संबंध होता है। इन लोगों के चेहरे पर चंद्रमा के समान आकर्षक आभा होती है। मूलांक 2 वाले जातकों में आत्मविश्वास की थोड़ी कमी देखने को मिलती है। परंतु जन्मतिथि के अन्य अंक साथ दें तो इन लोगों की शिक्षा अच्छी रहती है। एकाग्रता मजबूत होती है।

आज जिन जातकों का जन्मदिन है, यह वर्ष आपके लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। इस साल आपको कुछ फैसले अकस्मात लेने होंगे। भावनाओं में आकर कोई काम न करें। अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। अप्रैल के महीने का समय थोड़ा सा कठिनाइयों भरा रहेगा। कामकाज की अधिकता बनी रहेगी। जल्दबाजी में कोई काम न करें। मई के महीने का समय पहले से अच्छा रहेगा आप मनोबल में वृद्धि महसूस करेंगे लेकिन अपने क्रोध पर काबू रखें। जून के महीने में पिता से आपको उचित सलाह और साथ मिलेगा। किसी नए काम को शुरू करने का मन बना सकते हैं। जुलाई के महीने का समय भी आपके लिए अनुकूल रहेगा। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। अगस्त के महीने का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। सितंबर के महीने में दस्तावेजों के लेन-देन में सावधानी बरतें। किसी कागज पर हस्ताक्षर करते हुए भी सावधानी बरतें। अक्टूबर और नवंबर के महीने का समय निजी जीवन के इर्द-गिर्द घूमेगा। नवंबर के महीने में निजी जरूरतों पर नकदी धन खर्च होगा। दिसंबर के महीने में यात्रा करनी पड़ सकती है, मां की सेहत का ख्याल रखें। भावनात्मक स्तर पर थोड़ा असंतुलित महसूस करेंगे।

वर्ष 2024 के जनवरी के महीने में सेहत का ख्याल रखें। अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ सकता है। फरवरी के महीने में जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। मार्च के महीने में पैरों के दर्द से जूझना पड़ सकता है, सेहत का ख्याल रखें। नौकरी में स्थानांतरण भी संभव है।

उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए खोटे सिक्के जल प्रवाह करें। घर में कोई खराब विद्युत उपकरण न रखें। कोई अनैतिक काम न करें। ससुराल पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और उसकी सेवा करें। माथे पर केसर का तिलक लगाएं। शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं और जाने-अनजाने हुई अपनी गलतियों की क्षमा याचना करें। गाय को हरा चारा खिलाएं। यथासंभव शिवलिंग पर जलाभिषेक करते रहे। गायत्री मंत्र का जाप करें।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com
