Edited By Mansi,Updated: 07 Jul, 2026 05:45 PM
नेटफ्लिक्स की फिल्म 'इक्का' के जरिए वह तीन दशक बाद कोर्टरूम ड्रामा जॉनर में वापसी कर रहे हैं। फिल्म 10 जुलाई को रिलीज होगी। इससे पहले नजर डालते हैं उन कानूनी ड्रामों पर जिन्होंने दर्शकों को बांधे रखा।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। कोर्टरूम ड्रामा सिर्फ अदालत की बहस और फैसलों तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये ऐसी कहानियां होती हैं जो दर्शकों के दिलों और दिमाग पर लंबे समय तक असर छोड़ जाती हैं। दमदार डायलॉग, यादगार वकील के किरदार और रोमांच से भरे मुकदमों ने हिंदी सिनेमा को कई ऐसी फिल्में दी हैं, जिन्हें आज भी याद किया जाता है। अब सनी देओल एक बार फिर वकील की भूमिका में नजर आने वाले हैं। नेटफ्लिक्स की फिल्म 'इक्का' के जरिए वह तीन दशक बाद कोर्टरूम ड्रामा जॉनर में वापसी कर रहे हैं। फिल्म 10 जुलाई को रिलीज होगी। इससे पहले नजर डालते हैं उन कानूनी ड्रामों पर जिन्होंने दर्शकों को बांधे रखा।
दामिनी 1993
अगर हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली कोर्टरूम ड्रामा की बात करें तो 'दामिनी' का नाम सबसे ऊपर आता है। इस फिल्म ने न सिर्फ न्याय की लड़ाई को बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से पेश किया, बल्कि सनी देओल के वकील गोविंद के किरदार को अमर बना दिया।
सनी देओल की दमदार आवाज, आक्रामक अंदाज और अदालत में न्याय के लिए लड़ने की उनकी शैली ने इस फिल्म को एक अलग पहचान दी। इसके कई डायलॉग आज भी दर्शकों की जुबान पर हैं और कोर्टरूम फिल्मों के लिए यह एक मिसाल बन चुकी है।
मामला लीगल है 2024
कोर्टरूम ड्रामा हमेशा गंभीर और भावनात्मक हों, ऐसा जरूरी नहीं है। नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मामला लीगल है' ने साबित किया कि कानून की दुनिया को मजेदार अंदाज में भी दिखाया जा सकता है।
रवि किशन, नैला ग्रेवाल, निधि बिष्ट, अनंत वी जोशी और अंजुम बत्रा जैसे कलाकारों से सजी इस सीरीज ने पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की कहानी दिखाई, जहां अलग-अलग तरह के केस, अजीब क्लाइंट्स और वकीलों की दिलचस्प दुनिया देखने को मिली। सीरीज ने कानूनी व्यवस्था पर व्यंग्य करते हुए दर्शकों को हल्के-फुल्के अंदाज में मनोरंजन दिया।
जॉली एलएलबी फ्रेंचाइजी 2013-2025
कोर्टरूम ड्रामा को मनोरंजक बनाने में 'जॉली एलएलबी' फ्रेंचाइजी का बड़ा योगदान रहा है। अरशद वारसी के आम आदमी जैसे वकील से लेकर अक्षय कुमार के तेज-तर्रार वकील तक, इस फ्रेंचाइजी ने अदालत की बहस को मजेदार और प्रभावशाली बनाया।
फिल्मों में सामाजिक मुद्दों को उठाने के साथ-साथ शानदार तर्क, यादगार जज के किरदार और कई दमदार कोर्टरूम सीन्स देखने को मिले। यही वजह है कि यह सीरीज दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही।
पिंक 2016
तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी और एंड्रिया तारियांग स्टारर 'पिंक' सिर्फ एक कोर्टरूम फिल्म नहीं थी, बल्कि यह समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी लेकर आई थी।
फिल्म ने सहमति, महिलाओं की गरिमा और समाज की सोच जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया। अमिताभ बच्चन ने वकील दीपक सहगल के किरदार में बेहद संयमित लेकिन प्रभावशाली अभिनय किया। फिल्म का कोर्टरूम भाषण आज भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहता है।
महाराज 2024
आमिर खान के बेटे जुनैद खान की फिल्म 'महाराज' 1862 के ऐतिहासिक महाराज लिबेल केस से प्रेरित थी। फिल्म में पत्रकार करसनदास मुलजी की कहानी दिखाई गई, जो महिलाओं के शोषण के खिलाफ एक शक्तिशाली धार्मिक नेता के सामने खड़े होते हैं।
जयदीप अहलावत, शालिनी पांडे और शरवरी जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म ने सच बोलने की हिम्मत, प्रेस की आजादी और न्याय की लड़ाई को केंद्र में रखा। इतिहास पर आधारित यह कानूनी ड्रामा दर्शकों को काफी पसंद आया।
इक्का 2026
सनी देओल अब फिल्म 'इक्का' के जरिए एक बार फिर वकील के किरदार में नजर आने वाले हैं। 'दामिनी' के बाद यह उनकी कोर्टरूम ड्रामा जॉनर में लंबे समय बाद वापसी होगी।
फिल्म में सनी देओल मशहूर वकील अर्जुन मेहरा की भूमिका निभा रहे हैं, जो शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) का केस लड़ते हैं। इस केस का रिश्ता उनके अतीत से भी जुड़ा हुआ है। फिल्म में दिया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
ट्रेलर में दमदार कोर्टरूम बहस, जबरदस्त डायलॉग और इमोशनल टकराव की झलक देखने को मिली है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अर्जुन मेहरा यह केस जीत पाएंगे या इस लड़ाई में खुद को खो देंगे।