एक केस, दो दिग्गज और कई राज… ‘इक्का’ के ट्रेलर ने बढ़ाई 10 जुलाई की बेसब्री

Edited By Updated: 30 Jun, 2026 06:12 PM

sunny deol courtroom drama ekka set for netflix release

10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही मोस्ट अवेटेड फिल्म इक्का का ट्रेलर रिलीज हो गया है।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही मोस्ट अवेटेड फिल्म इक्का का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में दर्शकों को दमदार कोर्टरूम ड्रामा देखने को मिलेगा, जिसमें न्याय, परिवार और अटूट विश्वास के बीच गहरा टकराव दिखाया गया है। एल्केमी फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का हर पहलू रोमांच और सस्पेंस से भरपूर है जो दर्शकों को ऐसी दुनिया में ले जाता है जहां हर फैसले की एक कीमत होती है और हर विकल्प के दूरगामी परिणाम सामने आते हैं।

फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी अर्जुन मेहरा (सनी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक मशहूर वकील हैं और अपने सिद्धांतों तथा न्याय में अटूट विश्वास रखते हैं। ट्रेलर में उनका कहना था कि, 'हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं' उनके व्यक्तित्व और सोच को बखूबी बयां करता है। लेकिन जब उन्हें हाई-प्रोफाइल मर्डर की कोशिश के मामले में शौर्यमन गौर (अक्षय खन्ना) का बचाव करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, तब उनके उसूलों की सबसे कठिन परीक्षा शुरू होती है। एक कानूनी लड़ाई के रूप में शुरू हुई यह कहानी धीरे-धीरे ऐसे संघर्ष में बदल जाती है, जो उनके विश्वास, रिश्तों और पूरे जीवन को चुनौती देने लगता है।

ट्रेलर में इस केस से जुड़े किरदारों की नैतिक दुविधा भी प्रभावशाली ढंग से दिखाई गई है। तिलोत्तमा शोम मधुरा बनर्जी के किरदार में एक दृढ़ निश्चयी पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की भूमिका निभा रही हैं जिनकी न्याय की लड़ाई उन्हें देश के सबसे चर्चित वकील के आमने-सामने खड़ा कर देती है। वहीं, दीया मिर्ज़ा अर्जुन की पत्नी अवंतिका के किरदार में नजर आएंगी जो इस केस के बढ़ते प्रभाव से अपने परिवार को बचाने की हर संभव कोशिश करती हैं। कोर्टरूम की तीखी बहस, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और बदलती वफादारियों के बीच ट्रेलर एक ऐसी रोमांचक कहानी की झलक पेश करता है जिसमें हर किरदार को कठिन फैसलों और उनके गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ता है।

सनी देओल ने फिल्म के बारे में कहा, 'इक्का सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं है बल्कि यह एक परिवार, रिश्तों और जीवन के उन कठिन फैसलों की कहानी है, जिन्हें परिस्थितियां इंसान से लेने पर मजबूर कर देती हैं। अर्जुन एक ऐसा व्यक्ति है जो हमेशा सही रास्ते पर चलने में विश्वास रखता है लेकिन हालात उसे अपने आसपास की हर चीज पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर देते हैं। उसका दर्द, उसका गुस्सा, उसकी खामोशी और अपने विश्वास के लिए उसकी लड़ाई ने मुझे यह किरदार निभाने के लिए प्रेरित किया। यह फिल्म मेरे लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि यह स्ट्रीमिंग की दुनिया में मेरी पहली रिलीज है। मुझे खुशी है कि नेटफ्लिक्स के जरिए भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के दर्शक इक्का देख सकेंगे।'

दीया मिर्ज़ा ने फिल्म में अपने किरदार के बारे में कहा, "अवंतिका एक ऐसी महिला है, जो जीवन की अनिश्चितताओं के बीच अपने परिवार को अपनापन, ताकत और स्थिरता देती है। मैं उसकी मजबूती और साहस से बेहद प्रभावित हुई, जिसके साथ वह हर मुश्किल का सामना करती है। इक्का सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि परिवार, प्यार और कठिन फैसलों की भावनात्मक कहानी भी है। नेटफ्लिक्स पर ऐसी दमदार और दिल को छू लेने वाली कहानी के साथ वापसी करना मेरे लिए बेहद खास है। मैं इस फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार कर रही हूँ।"

तिलोत्तमा शोम ने अपने किरदार के बारे में कहा, "मधुरा एक ऐसी महिला है, जो हर मुश्किल परिस्थिति में भी केवल सही रास्ते पर चलने में विश्वास रखती है। मैं उसकी ईमानदारी, जुझारूपन और दृढ़ इच्छाशक्ति से बेहद प्रभावित हुई। वह एक मजबूत महिला है, जो किसी भी दबाव के बावजूद कठिन से कठिन चुनौतियों का डटकर सामना करती है। इक्का ऐसी कहानी है, जो अपने हर किरदार की लगातार परीक्षा लेती है और उन्हें कठिन फैसलों के सामने खड़ा करती है। इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा। मुझे खुशी है कि मैं इस फिल्म का हिस्सा हूँ, जो नेटफ्लिक्स के जरिए दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचेगी।"

अक्षय खन्ना ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने मीडिया और अपने प्रशंसकों के लिए एक खास वॉयस नोट भेजा। उन्होंने कहा, "कुछ मुलाकातें स्टेज पर नहीं हो सकतीं। अगर हो गईं, तो जलजला आ सकता है! इसलिए इक्का और मैं अब सिर्फ नेटफ्लिक्स की स्क्रीन पर मिलेंगे, 10 जुलाई को। तैयार रहना।" उनके इस संदेश ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। अब दर्शकों को 10 जुलाई का बेसब्री से इंतजार है, जब वे स्क्रीन पर इस दमदार कोर्टरूम ड्रामा और इसके रोमांचक घटनाक्रम का अनुभव कर सकेंगे।

इक्का एल्केमी फिल्म्स के बैनर तले बनी है, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है। यह फिल्म कोर्टरूम ड्रामा के साथ पारिवारिक रिश्तों, भावनात्मक संघर्ष और कठिन फैसलों की कहानी को प्रभावशाली ढंग से पेश करती है। इसकी कहानी भले ही सरल हो, लेकिन यह एक गहरा सवाल उठाती है। "जिन लोगों से आप सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, उन्हें बचाने के लिए आप किस हद तक जा सकते हैं?" न्याय, परिवार और विश्वास के बीच संतुलन बनाती यह फिल्म 10 जुलाई से विशेष रूप से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!