Edited By Mansi,Updated: 08 Jul, 2026 03:45 PM

दीपिका के लुक और उनके आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए कई कमेंट किए। कई यूजर्स ने ऐड में नजर आ रहे उनके छोटे से बेबी बंप को भी नोटिस किया।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। जहां फैंस उन्हें जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' और अल्लू अर्जुन के साथ निर्देशक एटली की अपकमिंग फिल्म 'राका' में देखने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं अब एक्ट्रेस ने अपने नए इंटरनेशनल कैंपेन से फैंस को खास सरप्राइज दिया है।
दीपिका पादुकोण ने ग्लोबल होटल ब्रांड हिल्टन के नए विज्ञापन में अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराई है। इस ऐड में वह ब्रांड एंबेसडर के तौर पर नजर आ रही हैं। वीडियो में दीपिका ब्लू पैंटसूट पहने एक लग्जरी हिल्टन प्रॉपर्टी के अंदर बेहद स्टाइलिश अंदाज में डांस करती दिखाई दे रही हैं। उनके कॉन्फिडेंस, एलिगेंस और ग्रेस ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है।
इस कैंपेन की सबसे खास बात यह है कि दीपिका ने इसकी शूटिंग अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के दौरान की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस ने यह ऐड तब शूट किया था जब वह करीब चार महीने की गर्भवती थीं। ऐसे में प्रेग्नेंसी के दौरान भी दीपिका का काम के प्रति डेडिकेशन देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दीपिका का नया ऐड
जैसे ही हिल्टन का यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर सामने आया, यह तेजी से वायरल हो गया। फैंस ने दीपिका के लुक और उनके आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए कई कमेंट किए। कई यूजर्स ने ऐड में नजर आ रहे उनके छोटे से बेबी बंप को भी नोटिस किया।
View this post on Instagram
A post shared by दीपिका पादुकोण (@deepikapadukone)
एक यूजर ने लिखा, "दीपिका का नया हिल्टन ऐड उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान शूट किया था।" वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट किया, "दुआ की मम्मी अपने बेबी बंप के साथ भी बेहद खूबसूरत लग रही हैं।"
इसके अलावा कई फैंस ने दीपिका की वापसी को लेकर भी खुशी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, "आखिरकार लगभग तीन महीने बाद उन्हें पोस्ट करते देखा।" वहीं कुछ लोगों ने दीपिका को उनके दूसरे बच्चे के लिए शुभकामनाएं दीं।
दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं दीपिका और रणवीर
बता दें कि इसी साल दीपिका पादुकोण और उनके पति रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी शेयर की थी। कपल ने एक पोस्ट के जरिए बताया था कि उनकी बेटी दुआ पादुकोण सिंह जल्द ही बड़ी बहन बनने वाली हैं।
दीपिका ने इस खास अनाउंसमेंट के लिए एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें दुआ एक प्रेग्नेंसी टेस्ट पकड़े हुए नजर आ रही थीं। टेस्ट पर दो गुलाबी लाइनें दिखाई दे रही थीं, जो प्रेग्नेंसी का संकेत देती हैं। तस्वीर में रणवीर और दीपिका दोनों अपनी बेटी के हाथों को प्यार से थामे हुए नजर आए थे।
फिलहाल दीपिका पादुकोण का यह नया ऐड और उनका प्रेग्नेंसी ग्लो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस अब उनकी आने वाली फिल्मों के साथ-साथ उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी जर्नी को लेकर भी काफी उत्साहित हैं।