Edited By Manisha,Updated: 24 Jun, 2026 04:55 PM

विजय देवरकोंडा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राणाबाली’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में हॉलीवुड की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘द ममी’ में इमहोटेप का यादगार किरदार निभाने वाले अर्नोल्ड वोस्लू मुख्य खलनायक के रूप में नजर आएंगे।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। विजय देवरकोंडा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राणाबाली’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में हॉलीवुड की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘द ममी’ में इमहोटेप का यादगार किरदार निभाने वाले अर्नोल्ड वोस्लू मुख्य खलनायक के रूप में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के निर्देशक राहुल संक्रित्यन ने अर्नोल्ड की कास्टिंग और उनके साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि अर्नोल्ड जैसे इंटरनेशनल स्टार को फिल्म का हिस्सा बनाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
दमदार विलेन की तलाश में अर्नोल्ड पर जाकर रुकी टीम की नजर
राहुल संक्रित्यन ने बताया कि फिल्म की कहानी में एक ऐसे शक्तिशाली किरदार की जरूरत थी, जिसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान रखने वाला अभिनेता चाहिए था। उन्होंने कहा, “हमने कई एजेंसियों से संपर्क किया, लेकिन अर्नोल्ड वोस्लू हमारी पहली पसंद थे। ‘द ममी’ में उनके काम ने भारत में भी एक अलग पहचान बनाई है। उनकी मौजूदगी फिल्म में नॉस्टेल्जिया के साथ-साथ एक मजबूत ग्लोबल अपील भी जोड़ती है।” निर्देशक के अनुसार, अर्नोल्ड का फिल्म से जुड़ना दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज साबित होगा।
अर्नोल्ड से मुलाकात रही ‘स्टार-स्ट्रक’ मोमेंट
निर्देशक ने स्वीकार किया कि अर्नोल्ड वोस्लू से पहली मुलाकात उनके लिए बेहद खास रही। उन्होंने कहा, “हम सालों से उनकी फिल्में देखते आए हैं। ऐसे में उनके साथ काम करना मेरे लिए स्टार-स्ट्रक पल था। मुझे विश्वास है कि दर्शक भी उन्हें इस नए अवतार में देखकर उतने ही उत्साहित होंगे।” राहुल ने यह भी बताया कि अर्नोल्ड ने शूटिंग के दौरान पूरी टीम के साथ बेहद सहज और पेशेवर तरीके से काम किया।
भारतीय सिनेमा की तारीफ करते नजर आए अर्नोल्ड
राहुल के मुताबिक, अर्नोल्ड भारतीय सिनेमा के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं रखते थे, लेकिन उन्हें कुछ चर्चित फिल्मों की जानकारी थी। खास तौर पर उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्म ‘आरआरआर’ का जिक्र किया और भारतीय फिल्ममेकिंग की जमकर सराहना की। अर्नोल्ड का मानना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय फिल्म निर्माता जिस स्तर की भव्य फिल्में बनाते हैं, वह बेहद प्रभावशाली है। शूटिंग के दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति और यहां की कार्यशैली की भी प्रशंसा की।
हैदराबाद में छह महीने रहे अर्नोल्ड, मंदिरों के भी किए दर्शन
फिल्म की शूटिंग के लिए अर्नोल्ड वोस्लू ने लगभग छह महीने भारत में बिताए। इस दौरान ज्यादातर शूटिंग हैदराबाद में हुई। राहुल ने बताया कि अर्नोल्ड के शहर में कुछ दोस्त भी थे, जिनके साथ वह शूटिंग से समय निकालकर घूमने जाते थे। उन्हें हैदराबाद का मौसम काफी पसंद आया और उन्होंने शहर के कई प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन भी किए। इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति को करीब से समझने की कोशिश की।
16 दिन में शूट हुआ क्लाइमेक्स
फिल्म के सबसे चर्चित हिस्से यानी क्लाइमेक्स पर बात करते हुए राहुल संक्रित्यन ने बताया कि विजय देवरकोंडा और अर्नोल्ड वोस्लू के बीच फिल्माया गया अंतिम मुकाबला फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। इस सीक्वेंस को शूट करने में पूरे 16 दिन लगे। निर्देशक के मुताबिक, “इस क्लाइमेक्स में जबरदस्त ड्रामा, भावनाएं और दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलेगी।” ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस भव्य एक्शन ड्रामा में विजय देवरकोंडा एक निडर योद्धा के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी ‘जयम्मा’ की भूमिका निभा रही हैं। राहुल संक्रित्यन के निर्देशन में बनी और टी-सीरीज के सहयोग से मैथ्री मूवी मेकर्स द्वारा निर्मित ‘राणाबाली’ 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।