Edited By Manisha,Updated: 02 Nov, 2026 02:30 PM

नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ से रवि दुबे का लक्ष्मण के रूप में नया पोस्टर सामने आया है। अभिनेता धनुष-बाण के साथ वीर योद्धा के अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस पूजनीय किरदार को निभाने को अपने लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी बताया है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। नमित मल्होत्रा की आगामी फिल्म ‘रामायणम्’ से लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे का नया पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस पोस्टर में अभिनेता एक वीर योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में धनुष-बाण और चेहरे पर साहस, दृढ़ संकल्प और युद्ध के लिए तैयार रहने का भाव दिखाई दे रहा है। पोस्टर के जरिए मेकर्स ने भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण के शौर्य, समर्पण और अपने भाई के प्रति अटूट भक्ति की झलक पेश की है।
‘राम की ढाल’ के रूप में दिखे रवि दुबे
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर रवि दुबे का सोलो कैरेक्टर पोस्टर शेयर करते हुए उन्हें लक्ष्मण के रूप में पेश किया। पोस्टर के साथ लिखा गया, "एक समर्पित भाई। एक निडर योद्धा। राम की ढाल। रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में।" पोस्टर में उनका योद्धा अवतार रणबीर कपूर के राम के रूप में सामने आए पोस्टर की याद दिलाता है। दोनों किरदारों के बीच भाईचारे और भावनात्मक जुड़ाव की झलक भी इसमें महसूस की जा सकती है।
लक्ष्मण का किरदार निभाना बड़ी जिम्मेदारी: रवि दुबे
लक्ष्मण की भूमिका निभाने को लेकर रवि दुबे ने कहा, "लक्ष्मण का किरदार निभाना एक ऐसा एहसास है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। वह ताकत, साहस, भक्ति और निस्वार्थ भावना का अनोखा मेल हैं। भगवान राम के प्रति उनका अटूट प्रेम और उनके आदर्शों के लिए समर्पण हमेशा से मुझे प्रेरित करता रहा है। ऐसे पूजनीय किरदार को पर्दे पर निभाने का मौका मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है, साथ ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जो मेरे दिल के बेहद करीब है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस किरदार को निभाने में हमारी सच्चाई और भावनाओं को महसूस कर पाएंगे।"
View this post on Instagram
A post shared by The World Of Ramayana (@worldoframayana)
रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश बनेंगे रावण
‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित इस फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के किरदारों के पोस्टर सामने आने के साथ ही दर्शकों के बीच इसके प्रति उत्सुकता बढ़ रही है।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म IMAX फॉर्मेट में भी आएगी। इसके गाने टी-सीरीज के लेबल के तहत रिलीज किए जाएंगे।