‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ का प्रोमो जारी, वीरेंद्र सहवाग की मेजबानी में 15 सेलिब्रिटीज के बीच होगा खेल

Edited By Updated: 17 Sep, 2026 02:45 PM

rise and fall season 2 promo out virender sehwag to host

‘राइज़ एंड फॉल सीजन 2’ का नया प्रोमो जारी हो गया है। वीरेंद्र सहवाग की मेजबानी में 15 सेलिब्रिटीज 42 दिनों तक ताकत, रणनीति और बदलते गठजोड़ के इस खेल का हिस्सा बनेंगे। शो 26 सितंबर से मुफ्त स्ट्रीम होगा।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्राइम वीडियो ने अपने चर्चित रियलिटी शो ‘राइज़ एंड फॉल सीजन 2’ का नया प्रोमो जारी कर दिया है। बनिजय एशिया द्वारा निर्मित इस शो में इस बार 15 सेलिब्रिटीज एक साथ नजर आएंगे। 42 दिनों तक चलने वाले इस खेल में रणनीति, बदलते रिश्ते, गठजोड़ और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे। शो की मेजबानी भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं। अपने बेबाक अंदाज और मजेदार बातचीत के लिए मशहूर सहवाग कंटेस्टेंट्स के बीच बदलते समीकरणों और ताकत के खेल पर नजर रखते दिखाई देंगे।

पेंटहाउस में ‘रूलर्स’, बेसमेंट में रहेंगे ‘वर्कर्स’
‘राइज़ एंड फॉल सीजन 2’ की सबसे खास बात इसका अलग फॉर्मेट है। शो के 15 कंटेस्टेंट्स को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। एक ग्रुप आलीशान पेंटहाउस में ‘रूलर्स’ के तौर पर रहेगा, जबकि दूसरे ग्रुप को साधारण बेसमेंट में ‘वर्कर्स’ की तरह रहना होगा। टास्क, फैसलों और बदलते गठजोड़ के साथ कंटेस्टेंट्स की स्थिति भी लगातार बदलती रहेगी। यानी जो खिलाड़ी शुरुआत में ताकतवर स्थिति में है, वह किसी भी वक्त नीचे जा सकता है और नीचे से शुरुआत करने वाला कंटेस्टेंट अपनी रणनीति के दम पर ऊपर पहुंच सकता है।

स्वरा, शहजाद, प्रियंका और करण की दिखी झलक
जारी किए गए प्रोमो में शो के शुरुआती चार कंटेस्टेंट्स की झलक देखने को मिलती है। इनमें स्वरा भास्कर, शहजाद पूनावाला, प्रियंका चाहर चौधरी और करण पटेल शामिल हैं। स्वरा अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं, वहीं शहजाद पूनावाला राजनीति की रणनीति से अलग एक नए तरह के मुकाबले का हिस्सा बनने जा रहे हैं। प्रियंका चाहर चौधरी पहले भी रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं, जबकि करण पटेल इस बार स्क्रिप्टेड टीवी ड्रामा से बाहर निकलकर अपनी रणनीति और सहनशक्ति को परखते नजर आएंगे। चारों कंटेस्टेंट्स ने शो में अपने सफर और चुनौती को लेकर उत्साह जाहिर किया है।

कंटेस्टेंट्स ने बताया कैसा होगा नया अनुभव
प्रियंका चाहर चौधरी ने कहा कि उन्होंने रियलिटी टेलीविजन को अलग-अलग रूपों में देखा है, लेकिन इस शो में रूलर से वर्कर बनने और अपने फैसलों के आधार पर अपनी स्थिति बदलते देखना उनके लिए नया अनुभव होगा। स्वरा भास्कर ने कहा कि अलग-अलग सोच और नजरिए वाले लोगों के साथ ताकत और रणनीति का खेल दिलचस्प समीकरण बनाएगा। करण पटेल ने कहा कि उन्हें सही समय पर फैसला लेने, उस पर भरोसा करने और बदलते खेल के हिसाब से खुद को ढालने की चुनौती उत्साहित कर रही है। वहीं, शहजाद पूनावाला ने कहा कि इस खेल में केवल अपनी बात रखना ही काफी नहीं होगा, बल्कि फैसलों के जरिए उसे साबित भी करना होगा। ‘राइज़ एंड फॉल सीजन 2’ के नए एपिसोड 26 सितंबर से रोजाना दोपहर 12 बजे जारी होंगे। दर्शक इसे एमएक्स प्लेयर पर प्राइम वीडियो के जरिए मुफ्त में देख सकेंगे। शो को मोबाइल डिवाइसेज, कनेक्टेड टीवी, अमेजन शॉपिंग ऐप और फायर टीवी पर भी देखा जा सकेगा।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!