Edited By Mansi,Updated: 27 Apr, 2026 05:52 PM

फिल्म फाइटर से अपनी पहचान मजबूत करने वाले ऋषभ साव्हनी अब एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। आसान और सुरक्षित किरदारों से दूर रहते हुए, वे अपनी अगली फिल्म नागबंधम में अहमद शाह अब्दाली जैसे गंभीर और चुनौतीपूर्ण ऐतिहासिक रोल में दिखाई...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्म फाइटर से अपनी पहचान मजबूत करने वाले ऋषभ साव्हनी अब एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। आसान और सुरक्षित किरदारों से दूर रहते हुए, वे अपनी अगली फिल्म नागबंधम में अहमद शाह अब्दाली जैसे गंभीर और चुनौतीपूर्ण ऐतिहासिक रोल में दिखाई देंगे। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह किरदार सिर्फ ताकत का नहीं, बल्कि गहराई और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेज़ेंस का भी इम्तिहान है।
एक करीबी सूत्र का कहना है, “पानीपत में संजय दत्त के बाद अब्दाली का किरदार बहुत कम कलाकारों ने निभाया है। ऐसे में ऋषभ साव्हनी का इस भूमिका को निभाना एक साहसिक और अलग फैसला माना जा रहा है।”
गौरतलब है कि अब्दाली का किरदार पहले भी दर्शकों के सामने आ चुका है। संजय दत्त ने फिल्म पानीपत (2019) में इस ऐतिहासिक शासक को पर्दे पर उतारा था और अपने दमदार अभिनय से उसे यादगार बना दिया था। ऐसे में ऋषभ साव्हनी के सामने तुलना की चुनौती जरूर रहेगी, लेकिन वे इस किरदार को एक नए नजरिए और अंदाज़ में पेश करने की तैयारी में हैं।
खबरों के अनुसार, नागबंधम में अब्दाली को सिर्फ एक क्रूर आक्रमणकारी के रूप में नहीं दिखाया जाएगा, बल्कि कहानी में एक दिलचस्प मोड़ भी होगा। कहा जा रहा है कि ऋषभ साव्हनी डबल रोल में नजर आ सकते हैं एक ओर ऐतिहासिक अब्दाली और दूसरी ओर उसका एक आधुनिक, स्टाइलिश रूप। यह अनोखा कॉन्सेप्ट फिल्म को और आकर्षक बनाता है।
इस किरदार के लिए ऋषभ की मेहनत भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब एक साल तक तलवारबाजी की ट्रेनिंग ली है, ताकि वे किरदार को पूरी सच्चाई और प्रभाव के साथ निभा सकें। यह तैयारी सिर्फ बाहरी लुक तक सीमित नहीं, बल्कि उस दौर और व्यक्तित्व को जीने की कोशिश भी है।
यह फिल्म ऋषभ साव्हनी के करियर में एक बड़ा बदलाव ला सकती है। एक तरफ ऐतिहासिक, खौफनाक शख्सियत और दूसरी तरफ उसका आधुनिक रूप इन दोनों को संतुलित करना आसान नहीं है। लेकिन अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो ऋषभ को इंडस्ट्री में एक ऐसे अभिनेता के रूप में देखा जाएगा जो जोखिम लेने और नए आयाम खोजने से पीछे नहीं हटता।