Edited By Mansi,Updated: 23 Sep, 2026 11:05 AM

शालिनी पांडे के जन्मदिन पर जानिए विजय देवरकोंडा, रणवीर सिंह, धनुष समेत उन सितारों के बारे में, जिनके साथ उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी चर्चा में रही।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। शालिनी पांडे ने अपने करियर में न सिर्फ अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की कहानियों का हिस्सा बनकर अपनी पहचान बनाई है, बल्कि कई चर्चित कलाकारों के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन पेयरिंग भी दर्शकों के बीच चर्चा में रही है। तेलुगु सिनेमा से अपने सफर की शुरुआत करने वाली शालिनी ने हिंदी और तमिल सिनेमा तक अपनी पहुंच बनाई। अपने जन्मदिन के मौके पर आइए नजर डालते हैं उनकी कुछ यादगार और दिलचस्प ऑन-स्क्रीन जोड़ियों पर।
विजय देवरकोंडा और शालिनी पांडे – 'अर्जुन रेड्डी'
शालिनी पांडे की सबसे चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में विजय देवरकोंडा के साथ उनकी जोड़ी सबसे पहले आती है। 2017 की 'अर्जुन रेड्डी' में दोनों ने अर्जुन और प्रीति का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी में दोनों के रिश्ते को महत्वपूर्ण स्थान मिला और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। शालिनी के लिए यह फिल्म उनके करियर का शानदार डेब्यू भी साबित हुई।
रणवीर सिंह और शालिनी पांडे – 'जयेशभाई जोरदार'
'जयेशभाई जोरदार' में शालिनी ने रणवीर सिंह के साथ स्क्रीन शेयर की। फिल्म में रणवीर ने जयेशभाई और शालिनी ने मुद्रा पटेल का किरदार निभाया था। दोनों की जोड़ी ने फिल्म की कहानी के सामाजिक और पारिवारिक पहलुओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाई। यह प्रोजेक्ट शालिनी के हिंदी सिनेमा के सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।
धनुष और शालिनी पांडे – 'इडली कड़ाई'
तमिल सिनेमा में शालिनी पांडे की पिछले साल आई फिल्म 'इडली कड़ाई' में उनकी जोड़ी धनुष के साथ नजर आई थी। हालांकि इस प्रोजेक्ट के जरिए शालिनी ने एक बार फिर तमिल सिनेमा में वापसी की, और अपने दर्शकों की वाहवाही बटोरी। यही नहीं, धनुष जैसे बहुमुखी कलाकार के साथ स्क्रीन शेयर कर, उन्होंने अपने करियर में एक और दिलचस्प अध्याय जोड़ा और दर्शकों को यह जोड़ी काफी पसंद आई।
जी.वी. प्रकाश कुमार और शालिनी पांडे – '100% काधल'
'100% काधल' में शालिनी पांडे और जी.वी. प्रकाश कुमार की जोड़ी नजर आई थी। रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की इस फिल्म में दोनों के बीच की नोकझोंक और रोमांटिक डायनेमिक्स कहानी का अहम हिस्सा थे। इस फिल्म के साथ शालिनी ने तमिल सिनेमा में अपनी मौजूदगी को और मजबूत किया था।
राज तरुण और शालिनी पांडे – 'इद्दारी लोकम ओकाटे'
'इद्दारी लोकम ओकाटे' में शालिनी ने राज तरुण के साथ स्क्रीन शेयर की थी। रोमांटिक ड्रामा पर आधारित इस फिल्म में दोनों की जोड़ी कहानी के केंद्र में रही थी और इस फिल्म के जरिए शालिनी ने एक बार फिर तेलुगु सिनेमा में रोमांटिक जॉनर के साथ अपनी सहजता दिखाई।
फिलहाल विजय देवरकोंडा से लेकर रणवीर सिंह, जी.वी. प्रकाश कुमार, राज तरुण और अब धनुष तक, शालिनी पांडे का ऑन-स्क्रीन सफर अलग-अलग भाषाओं, कहानियों और कलाकारों के साथ उनके लगातार विकसित होते करियर को दर्शाता है। उनके जन्मदिन पर इन जोड़ियों पर नजर डालना उनके अब तक के सिनेमाई सफर की विविधता को रेखांकित करता है।